Skip to main content

BalrampurChhattisgarhHealth

बलरामपुर : सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में जीवन दीप समिति की बैठक संपन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनें सम्मानित…

सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में जीवन दीप समिति की बैठक संपन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनें सम्मानित…

वाड्रफनगर,

सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में 16 अगस्त 2026 को जीवन दीप समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.हेमन्त कुमार दीक्षित एवं बीपीएम  शुभम कुमार रोहित के मार्गदर्शन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने की।
बैठक में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के सुचारू संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सीईओ, नगर पंचायत वाड्रफनगर के सीएमओ, लोक निर्माण विभाग वाड्रफनगर के अनुभागीय अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग वाड्रफनगर एवं रघुनाथनगर के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में मितानिनें भी बैठक में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मितानिनों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों के आपसी समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों को सम्मानित किया गया। टीकाकरण, प्रसव सेवाओं, पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में बच्चों को भर्ती कराने सहित अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में सराहनीय योगदान देने वाली मितानिनों को विधायक द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जीवन दीप समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों एवं मितानिनों का उत्साहवर्धन करना रहा। बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विभिन्न आवश्यक सुझावों एवं व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *