Skip to main content

छत्तीसगढ़बलरामपुर

बलरामपुर : कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की दीदियों से खरीदी राखियां, बढ़ाया महिलाओं का उत्साह…

कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की दीदियों से खरीदी राखियां, बढ़ाया महिलाओं का उत्साह…

अनाज से बनी राखियां बनीं आकर्षण का केंद्र, संयुक्त जिला कार्यालय में लगाया गया हस्तनिर्मित राखी स्टॉल

बलरामपुर, 

रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित राखियों का स्टॉल लगाया गया। स्टॉल पर स्थानीय उत्पादों से तैयार आकर्षक राखियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने स्टॉल पर पहुंचकर राखियों का अवलोकन किया और अपने भाइयों के लिए राखियों की खरीदारी की।

कलेक्टर द्वारा स्व-सहायता समूह की दीदियों से राखियां खरीदने पर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने समूह की महिलाओं से राखियों के निर्माण, उपयोग किए जाने वाले स्थानीय उत्पादों तथा बिक्री के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान, चावल एवं गेहूं जैसे कृषि उत्पादों से तैयार की गई राखियों की सराहना करते हुए महिलाओं के हुनर और मेहनत की प्रशंसा की।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं स्थानीय संसाधनों और उत्पादों का उपयोग कर नए-नए उत्पाद तैयार कर रही हैं। इससे उनकी मेहनत और हुनर को पहचान मिलने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर भी मिल रहा है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों की बिक्री से समूह की महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी राखियों की खरीदारी कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने भी स्टॉल से हस्तनिर्मित राखियां खरीदीं और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।

स्थानीय कृषि उत्पादों से तैयार इन राखियों ने रक्षाबंधन पर्व को स्थानीयता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *