Skip to main content

छत्तीसगढ़क्राइमबलरामपुरवाड्रफनगर

बलरामपुर : वाड्रफनगर के अरविंद ज्वेलर्स में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार…

वाड्रफनगर के अरविंद ज्वेलर्स में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार
शटर तोड़कर चांदी व सोने के आभूषण ले गए थे आरोपी, 14.175 किलो चांदी, पिकअप व बाइक बरामद

वाड्रफनगर/बलरामपुर,

वाड्रफनगर मार्केट स्थित अरविंद ज्वेलर्स में शटर तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने के मामले में बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह के सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर 14.175 किलोग्राम चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर क्षेत्र का है। प्रकरण में अपराध क्रमांक 133/2026, धारा 305, 331(4), 317(2), 5 एवं बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
शटर तोड़कर की थी लाखों की चोरी,
प्रार्थी अरविंद सोनी, निवासी वार्ड नंबर 10 वाड्रफनगर, ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वाड्रफनगर मार्केट में स्थित उनकी ज्वेलरी दुकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना से पहले 17 अगस्त 2026 की रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रात करीब 12 बजे अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
अगले दिन 18 अगस्त की सुबह करीब 6:45 बजे जब दुकान संचालक अपनी दुकान पहुंचा तो शटर का लॉक टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर जांच करने पर आभूषण गायब मिले। चोरी गए सामान में चांदी की पायल, ब्रेसलेट, कड़ा, चांदी की चेन, बिछिया, बच्चों के आभूषण, भगवान की मूर्ति, चांदी की पत्ती, पायल सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात शामिल थे। इसके अलावा करीब 18 हजार रुपये नगद चोरी होने की भी जानकारी सामने आई थी।
बिहार में मिली आरोपियों की लोकेशन,
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे। जांच में आरोपियों की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले के क्षेत्र में मिलने पर पुलिस टीम को वहां भेजा गया।
पुलिस टीम ने थाना दिनारा पुलिस की सहायता से संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे एक राय होकर वाड्रफनगर क्षेत्र में पहुंचे थे और पंचवटी बाबा के पास सोनू कुमार चौधरी के पिकअप वाहन से घटना को अंजाम देने के लिए रेकी की थी ।
इसके बाद आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर अपने साथ ले गए। चोरी किए गए आभूषणों को आरोपियों ने आपस में बांटने के साथ-साथ कुछ सामान ठिकाने लगाने की भी कोशिश की।
14 किलो से ज्यादा चांदी बरामद,
पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 14.175 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन तथा मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। बरामद सामान की जांच कर उसे चोरी की संपत्ति से मिलान कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के माल को खपाने में मदद करने वालों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
सात आरोपी गिरफ्तार,
पुलिस के मुताबिक मामले में गिरफ्तार आरोपियों में सोनू कुमार चौधरी, शंकर चौधरी, लीलू चौधरी, राजकुमार चौधरी, अंगद चौधरी, नरेश चौधरी और सुनील कुमार सोनी शामिल हैं। सभी आरोपी बिहार के रोहतास जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के आभूषणों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रखने तथा बेचने का प्रयास किया था। पुलिस अब चोरी किए गए शेष सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका,
अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करने में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक जितेन्द्र सोनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में निरीक्षक कुमार चंदन सिंह, साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारी, उप निरीक्षक विमलेश सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों का योगदान रहा।
बलरामपुर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी एवं संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *