बलरामपुर : अवैध सागौन परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार,
अवैध सागौन परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार,
मोटरसाइकिल से 07 नग साल चिरान जब्त, न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपी जेल दाखिल,
बलरामपुर,
वनमंडल बलरामपुर में अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 07 नग साल चिरान लकड़ी, कुल 0.141 घनमीटर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर दोनों को जेल दाखिल कराया गया।
वन विभाग के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को वन परिक्षेत्र बलरामपुर के अंतर्गत ग्राम भनौरा के पास जांच के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 30 D 1479 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से अवैध रूप से साल चिरान का परिवहन किया जाना पाया गया। वन विभाग की टीम ने मोटरसाइकिल सहित लकड़ी को जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22044/11, दिनांक 15.09.2026 दर्ज करते हुए भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत विधिवत कार्रवाई की।
विभागीय कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय रामानुजगंज के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया। विभाग के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी द्वारा बलरामपुर में मदन फर्नीचर मार्ट संचालित किया जाता है।
डीएफओ आलोक कुमार बाजपेयी ने कहा कि:
“अवैध वनोपज परिवहन और वन अपराधों के विरुद्ध वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बलरामपुर वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी के परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है।”
वन विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन या कटाई से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना दें।