Skip to main content

क्राइमछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर: पलगी जंगल में अवैध साल लकड़ी की तस्करी करते महिंद्रा वीरो वाहन जब्त, आरोपी फरार…

पलगी जंगल में अवैध साल लकड़ी की तस्करी करते महिंद्रा वीरो वाहन जब्त, आरोपी फरारबलरामपुर: पलगी जंगल में अवैध साल लकड़ी की तस्करी करते महिंद्रा वीरो वाहन जब्त, आरोपी फरार

बलरामपुर, 

वन विभाग ने पलगी (त्रिकुण्डा) क्षेत्र के जंगल में अवैध रूप से साल की इमारती लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा वीरो वाहन सहित बेशकीमती साल लकड़ी जब्त की है। कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन तथा उपवनमण्डलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में की गई।

जानकारी के अनुसार, वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए. बानो के नेतृत्व में सर्किल बगरा के बीट पलगी अंतर्गत कक्ष क्रमांक 794 में वन विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। बताया गया कि एक व्यक्ति ने महिंद्रा वीरो वाहन चालक को यह कहकर जंगल में बुलाया कि वाहन में खीरा लोड करना है। वाहन को घने जंगल के भीतर ले जाकर उसमें खीरे की जगह अवैध रूप से काटी गई साल प्रजाति की इमारती लकड़ियां लोड कराई जा रही थीं।

इसी दौरान एक मुखबिर ने अवैध गतिविधि की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। हालांकि विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन टीम ने अवैध परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा वीरो वाहन क्रमांक UP64 CT 3581 को जंगल के भीतर से जब्त कर लिया।

वन विभाग ने वाहन में लोड साल प्रजाति के 5 नग लट्ठों (कुल 2.299 घनमीटर) को भी जब्त किया है। जब्त लकड़ी का अनुमानित मूल्य 1,71,448 रुपये आंका गया है। इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20954/16, दिनांक 20 सितंबर 2026 दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वन विभाग ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 33(1)(क) एवं धारा 52, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम, 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम, 2001 के नियम 22(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वन अधिकारियों ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा तथा अवैध कटाई एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में निगरानी और सघन की जाएगी तथा ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान उपवनक्षेत्रपाल मतिन अहमद अंसारी, वनपाल दयाशंकर सिंह, विजय वर्मन, वनरक्षक कृष्ण कुमार पैकरा, नरेश कुमार, राजनाथ सिंह, अनेश्वर राजवाड़े एवं अनुराग तिवारी सहित वन विभाग का अमला उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *