Skip to main content

छत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंजवाड्रफनगर

बलरामपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में हुआ ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’…

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में हुआ ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’

विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने नन्हे-मुन्ने बच्चों से किया संवाद, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

वाड्रफनगर/बलरामपुर,

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नगर पंचायत वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर वाड्रफनगर मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की गतिविधियों को देखा तथा केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

विधायक ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं सुरक्षित बचपन समाज की मजबूत नींव है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि,

“सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक पहुंचकर जरूरतमंदों की सेवा करना है। नन्हे बच्चों के बीच समय बिताकर उनकी जरूरतों को समझना और उन्हें बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों की जानकारी ली। आयोजन के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *