बलरामपुर : कन्हर नदी के तेज बहाव में फंसे तीन ग्रामीणों का देर रात रेस्क्यू…
कन्हर नदी के तेज बहाव में फंसे तीन ग्रामीणों का देर रात रेस्क्यू,
सुबह नदी पार करते समय बीच धार में फंसे थे सरजू, राजकुमारी और फूलमनिया, नाव के सहारे सुरक्षित निकाला गया,
बलरामपुर,
बलरामपुर विकासखंड के ग्राम कोटपाली-खजुरी क्षेत्र में कन्हर नदी के तेज बहाव के बीच फंसे तीन ग्रामीणों को जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने देर रात सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए ग्रामीणों में सरजू पिता लंगड़ा चेरवा, उनकी पत्नी राजकुमारी तथा फूलमनिया पति बेसर शामिल हैं। तीनों ग्राम परसाटोली के निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार तीनों ग्रामीण रिश्तेदारी के सिलसिले में ग्राम कोटपाली आए थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वे कन्हर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी के बीच पहुंचने पर अचानक जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण तीनों बीच धार में फंस गए। काफी देर तक उनके बाहर नहीं निकलने पर स्थानीय ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। मामले की जानकारी जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव को भी दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शाम को नगर सेना के गोताखोरों की टीम नाव के साथ मौके पर पहुंची। नदी में तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटे तक चले प्रयास के बाद रात करीब 12 बजे तीनों ग्रामीणों को नाव के सहारे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही। समय रहते रेस्क्यू नहीं होने पर तीनों ग्रामीणों की जान पर खतरा बढ़ सकता था। सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर सेना की रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ। उन्होंने नदी में तेज बहाव एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों से सावधानी बरतने और ऐसी परिस्थितियों में नदी पार नहीं करने की अपील की।