Skip to main content

छत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : सेवानिवृत्त भृत्य लिटकू राम को वन परिवार ने दी भावभीनी विदाई…

सेवानिवृत्त भृत्य लिटकू राम को वन परिवार ने दी भावभीनी विदाई…

पेंशन आदेश सहित सेवानिवृत्ति स्वत्वों के भुगतान आदेश सौंपे गए,

बलरामपुर,

वन मण्डल बलरामपुर में कार्यरत भृत्य लिटकू राम अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने के उपरांत 30 सितम्बर 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए। उनके दीर्घ, समर्पित एवं सराहनीय सेवाकाल के सम्मान में वन मण्डल बलरामपुर के सभाकक्ष में वन परिवार द्वारा गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह के दौरान वन मण्डलाधिकारी बलरामपुर आलोक बाजपेयी ने लिटकू राम को पेंशन आदेश सहित अन्य सेवानिवृत्ति स्वत्वों के भुगतान आदेश प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारी की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए विभाग में उनके योगदान को स्मरण किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी लिटकू राम के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, कर्मठता एवं विभाग के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं शांतिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।

विदाई समारोह के उपरांत वन विभाग द्वारा लिटकू राम को पूर्ण सम्मान के साथ उनके निवास तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर विभागीय परिवार और सेवानिवृत्त कर्मचारी के बीच आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण संबंधों की भावनात्मक झलक देखने को मिली।

समारोह में सहायक वन संरक्षक निखिल सक्सेना, सी.पी. खेस, नबोर लकड़ा, कृष्णा राजवाड़े, रमेश तिवारी, इन्द्रदेव सिंह, बलदेव सिंह, श्रीमती रीता देवी, अरुण यादव, मथुरा दुबे, रामकुमार यादव, अनिल कुजूर, बब्बन तिवारी सहित वन परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। उपस्थितजनों ने लिटकू राम के सेवाकाल को स्मरण करते हुए उनके जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

वन मण्डलाधिकारी, बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी, ने बताया कि :

” लिटकू राम ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया है। उनका योगदान वन विभाग के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। हम सभी उनकी स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हैं। वन परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *