बलरामपुर : गौटियापारा में जंगली हाथी की दस्तक, देर रात तक मुस्तैद रही वन एवं विद्युत विभाग की टीम…
गौटियापारा में जंगली हाथी की दस्तक, देर रात तक मुस्तैद रही वन एवं विद्युत विभाग की टीम…
हाथी की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर, ग्रामीणों से सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील..
वाड्रफनगर/बलरामपुर
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर स्थित गौटियापारा क्षेत्र में जंगली हाथी की मौजूदगी से इलाके में सतर्कता बढ़ गई है। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संभावित खतरे से बचाव के लिए वन विभाग एवं विद्युत विभाग की टीमें देर रात तक निगरानी में जुटी रहीं। दोनों विभागों की टीमें क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। जंगली हाथी की मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील,
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगली हाथी के नजदीक जाने, उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास बिल्कुल न करें। हाथी दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। हाथी के आसपास भीड़ एकत्रित करने या उसके करीब जाकर तस्वीरें लेने से भी बचें। सतर्कता और सावधानी बरतकर संभावित खतरे को टाला जा सकता है। विभागीय टीमें क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
