बलरामपुर : वाड्रफनगर चंदौरीपारा में भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ भव्य जगराता, विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते हुईं शामिल…
वाड्रफनगर चंदौरीपारा में भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ भव्य जगराता, विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते हुईं शामिल..
गायिका पूनम मिश्रा और नीतू की शानदार प्रस्तुतियों पर झूमे श्रद्धालु, माता रानी के भजनों से देर रात तक गूंजता रहा पंडाल,
वाड्रफनगर/बलरामपुर,
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर वाड्रफनगर चंदौरीपारा में जगराता कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती शकुन्तला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जगराता कार्यक्रम में शामिल होकर मां दुर्गा की आराधना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।

जगराता कार्यक्रम में भक्ति संगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। गायिका पूनम मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज और भक्ति गीतों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए। उनकी प्रस्तुतियों पर पंडाल में मौजूद भक्तों ने जमकर उत्साह दिखाया।
पूनम मिश्रा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु,
गायिका पूनम मिश्रा ने ‘मैं देर करती नहीं, देर हो जाती है’, ‘भर दे झोली मैया, तेरे दीवाने आए हैं, बिगड़ी बनाने आए हैं’ और ‘निबिया की डार मैया’ जैसे भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। नाचे वीर हनुमाना’ की प्रस्तुति ने भी श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। माता रानी और हनुमान जी की भक्ति में डूबे श्रद्धालु गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।
जगराता के दौरान समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भी भक्ति गीतों पर जमकर नृत्य किया। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम के उत्साह को और बढ़ा दिया। पूरे पंडाल में माता रानी के जयकारों के साथ भक्तिमय वातावरण बना रहा।
गायिका नीतू की प्रस्तुति ने मोहा मन,
कार्यक्रम में गायिका नीतू ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उन्होंने ‘मैया, अपने चरणों में मुझे दे ठिकाना, मुझे और कुछ नहीं चाहिए’ जैसे भावपूर्ण भजन के माध्यम से मां के चरणों में समर्पण और अटूट श्रद्धा का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

हनुमान जी और राधे-कृष्ण की प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह,
जगराता कार्यक्रम में हनुमान जी की शानदार प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह भर दिया। वहीं राधे-कृष्ण की आकर्षक प्रस्तुति ने भी लोगों का मन मोह लिया। भक्ति संगीत, धार्मिक प्रस्तुतियों और जयकारों के बीच पूरा आयोजन आस्था और उल्लास का प्रतीक बना रहा।
विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते हुईं शामिल,
क्षेत्रीय विधायक श्रीमती शकुन्तला सिंह पोर्ते ने जगराता कार्यक्रम में शामिल होकर माता रानी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
वाड्रफनगर में आयोजित इस जगराता कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों और माता रानी के जयकारों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रहे।
जय माता दी!