Skip to main content

छत्तीसगढ़बलरामपुरवाड्रफनगर

बलरामपुर : वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग पर सड़क के बीच खड़ा मिला हाथी, वन विभाग ने सुरक्षित हटाया….

वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग पर सड़क के बीच खड़ा मिला हाथी, वन विभाग ने सुरक्षित हटाया….

चुरईया नाला के पास हाथी की मौजूदगी से मचा हड़कंप, वाहन चालकों में दहशत; वन अमले की तत्परता से टली संभावित दुर्घटना,

वाड्रफनगर/बलरामपुर

बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र वाड्रफनगर अंतर्गत चुरईला नाला के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई, जब वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग पर एक हाथी सड़क के बीचों-बीच खड़ा दिखाई दिया। व्यस्त मार्ग पर अचानक हाथी की मौजूदगी से वहां से गुजर रहे वाहन चालक सहम गए और कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हाथी को सड़क पर देखकर वाहन चालकों ने दूरी बनाए रखी और वन विभाग को इसकी सूचना दी।

सड़क के बीच खड़ा था हाथी,

जानकारी के अनुसार चुरईला नाला के समीप हाथी जंगल क्षेत्र से निकलकर सड़क तक पहुंच गया था। वह काफी देर तक सड़क के बीच खड़ा रहा। इस दौरान मार्ग से गुजरने वाले लोगों की नजर हाथी पर पड़ी तो उन्होंने अपने वाहनों को रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखना उचित समझा। हाथी के अचानक सड़क पर आ जाने से किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी हुई थी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा वन विभाग,

हाथी के सड़क पर होने की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। वनकर्मियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों और वाहन चालकों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। वन विभाग की टीम ने हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और उसे बिना किसी तरह की परेशानी या उत्तेजना पैदा किए सड़क से हटाने का प्रयास किया।

वन अमले की निगरानी और तत्परता के बाद हाथी को सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाकर जंगल की ओर ले जाया गया। हाथी के मार्ग से हटने के बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और आवागमन सामान्य हो सका।

संभावित दुर्घटना टली,

सड़क के बीच हाथी की मौजूदगी वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती थी। खासकर तेज गति से आने वाले वाहनों की हाथी से टक्कर होने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते वन विभाग की टीम के पहुंचने और हाथी को सुरक्षित तरीके से मार्ग से हटाने से संभावित दुर्घटना टल गई।

ग्रामीणों और वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील,

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि जंगल अथवा सड़क के आसपास हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने का प्रयास न करें और न ही उसे भगाने के लिए शोर मचाएं। हाथी को घेरने या उसके साथ छेड़छाड़ करने से स्थिति खतरनाक हो सकती है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर तत्काल संबंधित वन अमले को सूचना दें और स्वयं सुरक्षित दूरी पर रहें। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग द्वारा निगरानी बनाए रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *