Skip to main content

छत्तीसगढ़बलरामपुर

बलरामपुर : रक्षाबंधन पर बहनों को विष्णु भैया का संबल, महतारी वंदन योजना से दोगुनी हुई खुशियां…

रक्षाबंधन पर बहनों को विष्णु भैया का संबल, महतारी वंदन योजना से दोगुनी हुई खुशियां…

बलरामपुर,

रक्षाबंधन पर्व को लेकर बहनों में खासा उत्साह है। भाई की कलाई पर राखी बांधने और उनके सुख-समृद्धि की मंगलकामना के साथ बहनें पर्व की तैयारियों में जुटी हैं। ग्राम डुमरखी की श्रीमती कमली देवी के लिए इस बार का रक्षाबंधन कुछ खास है। त्योहार से पहले महतारी वंदन योजना की राशि उनके बैंक खाते में पहुंचने से उनकी खुशियां दोगुनी हो गई हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत कमली देवी को अब तक 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो चुकी है। हर महीने मिलने वाली यह राशि उनके परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहारा बनी हुई है। कमली देवी बताती हैं कि योजना की राशि का उपयोग वह घर के राशन, बच्चों की दवाई और अन्य जरूरी खर्चों में करती हैं। इससे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में उन्हें काफी सहूलियत हो रही है।

कमली देवी के मुताबिक, पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब हर महीने सीधे बैंक खाते में राशि आने से उन्हें अपने जरूरी खर्च स्वयं पूरे करने का अवसर मिल रहा है। आर्थिक सहायता मिलने से उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

रक्षाबंधन से पहले खाते में आई महतारी वंदन योजना की राशि से कमली देवी इस बार अपने भाई के लिए राखी खरीदने और त्योहार की अन्य तैयारियां अपने स्तर पर करने में सक्षम हैं। वह मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से विष्णु भैया ने हम बहनों को आर्थिक संबल दिया है। इस बार मैं अपने भाई के साथ रक्षाबंधन का त्योहार खुशी से मनाने की तैयारी कर रही हूं।

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। योजना के तहत मिलने वाली सहायता महिलाओं की रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ त्योहारों और पारिवारिक खुशियों में भी सहारा बन रही है। रक्षाबंधन के अवसर पर मिली यह राशि कमली देवी जैसी महिलाओं के लिए आर्थिक सहयोग के साथ त्योहार की खुशियों को भी बढ़ाने वाली साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *