Skip to main content

क्राइमछत्तीसगढ़बलरामपुर

बलरामपुर : चाचा-चाची से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार…

चाचा-चाची से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार,

घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चाकू पुलिस ने किया जब्त, आरोपी को 15 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया,

राजपुर/बलरामपुर ,

थाना राजपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंद्रगढ़ में चाचा-चाची के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चाकू भी जब्त किया है। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को 15 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा गोंड पिता बसंत गोंड (28 वर्ष), निवासी ग्राम चंद्रगढ़, थाना राजपुर के रूप में हुई है। आरोपी और प्रार्थी ठाकुर प्रसाद गोंड आपस में चाचा-भतीजा हैं और दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं।

पुरानी बात को लेकर रखता था रंजिश,

पुलिस के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले आरोपी शिवा अपने पिता के साथ मारपीट कर रहा था। इस दौरान उसके चाचा ठाकुर प्रसाद गोंड ने बीच-बचाव करते हुए आरोपी को रोक दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी अपने चाचा के प्रति रंजिश और आक्रोश रखता था।

बताया गया कि घटना के दिन आरोपी ठाकुर प्रसाद के घर पहुंचा और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने प्रार्थी की पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से मारपीट कर दी। इसके बाद उसने ठाकुर प्रसाद के साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की रॉड एवं चाकू से हमला किया।

पति-पत्नी को आई चोटें,

मारपीट की घटना में ठाकुर प्रसाद गोंड के पीठ, बाएं पैर, जांघ और घुटने में चोटें आईं। वहीं उनकी पत्नी के दाहिने हाथ और पीठ में चोट लगने की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना राजपुर पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

लोहे की रॉड और चाकू जब्त,

शिकायत के बाद थाना राजपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मारपीट में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और चाकू को विधिवत जब्त किया। जांच में आरोपी के खिलाफ अपराध घटित करना प्रमाणित पाए जाने के बाद पुलिस ने शिवा गोंड को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया आरोपी,

गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने 15 दिवस की न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय राजपुर के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। थाना राजपुर पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *