Skip to main content

छत्तीसगढ़धार्मिकबलरामपुर

बलरामपुर : कलेक्टर ने खुशी वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाया रक्षाबंधन, राखी बांधकर लिया आशीर्वाद, मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं; वृद्ध महिलाओं को भेंट की साड़ियां…

कलेक्टर ने खुशी वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाया रक्षाबंधन,

राखी बांधकर लिया आशीर्वाद, मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं; वृद्ध महिलाओं को भेंट की साड़ियां,

बलरामपुर,

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित खुशी वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ आत्मीयता और अपनत्व के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। कलेक्टर ने वृद्धजनों को अपने हाथों से राखी बांधी, उनका आशीर्वाद लिया तथा मिठाई खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वृद्ध महिलाओं को साड़ियां भी भेंट की गई।

कलेक्टर के आत्मीय व्यवहार से वृद्धाश्रम में खुशी और भावुकता का माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व की भावना साफ दिखाई दी। कलेक्टर ने वृद्धजनों के साथ समय बिताते हुए उनके स्वास्थ्य, भोजन, रहन-सहन और दैनिक आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास किया।

बुजुर्गों के साथ बिताया आत्मीय समय,

रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्टर का वृद्धाश्रम पहुंचना बुजुर्गों के लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने वृद्धजनों से बातचीत की और उनके सुख-दुख की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को परिवार जैसा अपनापन देते हुए उनके साथ कुछ समय बिताया। कलेक्टर ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, देखभाल तथा गरिमापूर्ण जीवन के लिए सभी को संवेदनशीलता के साथ प्रयास करना चाहिए।

राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना,

वृद्धाश्रम परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर का भी कलेक्टर ने अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राधा-कृष्ण के दर्शन किए और मंदिर सहित आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद कलेक्टर ने वृद्धाश्रम के विभिन्न कमरों और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था तथा बुजुर्गों की देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

हर संभव सहयोग का दिया आश्वासन,

कलेक्टर ने ग्राम विकास समिति द्वारा वृद्धजनों की देखभाल और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने वृद्धजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव मदद और सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित खुशी वृद्धाश्रम के संस्था संचालक प्रभाकर द्विवेदी सहित संस्था के कर्मचारी एवं वृद्धजन उपस्थित रहे। संस्था की ओर से कलेक्टर का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्टर द्वारा वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ पर्व मनाना प्रशासन की संवेदनशीलता, मानवीय सरोकार और वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान की भावना का परिचायक रहा। यह पहल न केवल वृद्धजनों के लिए खुशी का अवसर बनी, बल्कि समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश भी देती नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *