बलरामपुर: मजदूरों से भरी बस और बोलेरो में भीषण भिड़ंत, एक की मौत; कई घायल…
मजदूरों से भरी बस और बोलेरो में भीषण भिड़ंत, एक की मौत; कई घायल,
वाड्रफनगर के बनारस रोड पर बाईपास के समीप हुआ हादसा, टक्कर में बोलेरो के उड़े परखच्चे,
वाड्रफनगर/बलरामपुर,
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में बनारस रोड पर देर रात मजदूरों से भरी बस और बोलेरो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस और बोलेरो में सवार कई लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर एक बस तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। इसी दौरान वाड्रफनगर के बनारस रोड पर बाईपास के समीप सामने से आ रही बोलेरो से बस की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
बोलेरो सवार की मौके पर मौत,
हादसे में बोलेरो सवार उत्तर प्रदेश के महुली निवासी करीब 50 वर्षीय सहदेव पिता थुरच की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना में बस में सवार मजदूरों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल,
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
हादसे के कारणों की जांच जारी,
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। वाहनों की गति, सड़क की स्थिति और चालकों की भूमिका समेत दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।