बलरामपुर : बथान में मवेशियों के साथ रह रहे ग्रामीण को जंगली हाथी ने दौड़ाया, नाले में गिरकर घायल,
बथान में मवेशियों के साथ रह रहे ग्रामीण को जंगली हाथी ने दौड़ाया, नाले में गिरकर घायल,
रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र में देर रात की घटना, वाड्रफनगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर,
रघुनाथनगर/बलरामपुर,
रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी के बीच बीती रात एक 70 वर्षीय ग्रामीण के हाथी की चपेट में आने से घायल होने का मामला सामने आया है। घटना 9 सितंबर की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। हाथी से बचने के दौरान ग्रामीण गड्ढे में गिर गया, जिससे उसे चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार के लिए शासकीय चिकित्सालय वाड्रफनगर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया।
वन परिक्षेत्र रघुनाथनगर कार्यालय से वनमंडलाधिकारी बलरामपुर को भेजे गए प्रतिवेदन के अनुसार, वाड्रफनगर की ओर से दो जंगली हाथियों का दल क्षेत्र में पहुंचा था। हाथी अलग-अलग होकर विचरण कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम जौराही निवासी धनुकधारी पिता गणेश यादव (70 वर्ष) अपने बथान में मवेशियों के साथ मौजूद थे।
बताया गया कि रात करीब 2 बजे एक जंगली हाथी बथान की ओर पहुंच गया और धनुकधारी को दौड़ा दिया। हाथी से बचने के प्रयास में ग्रामीण गड्ढे/नाले में गिरकर घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल शासकीय चिकित्सालय वाड्रफनगर ले जाया गया।
वन विभाग ने दी 3 हजार रुपये की सहायता,
घटना की जानकारी मिलने पर फॉरेस्ट एसडीओ प्रेमचंद मिश्रा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा घायल ग्रामीण को तत्काल उपचार एवं सहायता के लिए 3 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वन विभाग द्वारा घटना का प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है।
हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता,
रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। विशेष रूप से रात के समय जंगल, बथान अथवा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने तथा हाथियों के नजदीक जाकर उन्हें भगाने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है।