बलरामपुर : एकलव्य विद्यालय में 9वीं के आठ छात्रों से मारपीट का आरोप
एकलव्य विद्यालय में 9वीं के आठ छात्रों से मारपीट का आरोप
परिजनों को सूचना नहीं देने और समय पर उपचार नहीं कराने पर हॉस्टल प्रबंधन पर उठे सवाल,
बलरामपुर,
जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय भेलवाडीह में कक्षा 9वीं के आठ छात्रों के साथ कक्षा 12वीं के कुछ छात्रों द्वारा कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंगलवार को घायल छात्रों को उनके परिजन विद्यालय प्रबंधन और हॉस्टल अधीक्षक के साथ जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में परिजनों और लोगों के पहुंचने से कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
बच्चों और उनके परिजनों के अनुसार, 6 सितंबर की शाम करीब 7 बजे कक्षा 12वीं के कुछ छात्रों ने कक्षा 9वीं के आठ छात्रों के साथ कथित रूप से मारपीट की। बच्चों ने घटना की जानकारी तत्काल हॉस्टल अधीक्षक को दी। आरोप है कि अधीक्षक द्वारा हॉस्टल में ही बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन उन्हें तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया। साथ ही घटना की जानकारी भी उनके परिजनों को नहीं दी गई।
परिजनों को घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिली, जिसके बाद वे तत्काल विद्यालय पहुंचे। परिजनों का कहना है कि बच्चों के सिर, हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद बच्चों को विद्यालय के शिक्षकों और हॉस्टल अधीक्षक के साथ जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार कराया गया।
समय पर सूचना नहीं देने पर नाराजगी,
परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के तत्काल बाद यदि बच्चों को अस्पताल ले जाया जाता और परिजनों को सूचना दी जाती तो बेहतर उपचार समय पर उपलब्ध कराया जा सकता था। परिजनों ने मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
जिला पंचायत सदस्य ने उठाए सवाल,
जिला पंचायत सदस्य रामप्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। ऐसी स्थिति में घटना की जानकारी तत्काल उनके परिजनों को दी जानी चाहिए थी और घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि हॉस्टल अधीक्षक द्वारा समय पर आवश्यक पहल नहीं की गई। मंगलवार को बच्चों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां हॉस्टल अधीक्षक भी उनके साथ मौजूद रहे।
मामला सामने आने के बाद अब विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा, हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका और घटना के बाद अपनाई गई प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मारपीट की घटना के वास्तविक कारण और जिम्मेदार छात्रों को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।