बलरामपुर : अवैध साल चिरान परिवहन करते टाटा योद्धा वाहन को वन विभाग ने पकड़ा, 80 नग चिरान जब्त
अवैध साल चिरान परिवहन करते टाटा योद्धा वाहन को वन विभाग ने पकड़ा, 80 नग चिरान जब्त
राजपुर/बलरामपुर
वन मंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक वाजपेयी के निर्देशन में वन सुरक्षा के मद्देनजर चलाए जा रहे रात्रि गश्त अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से साल चिरान का परिवहन करते एक टाटा योद्धा वाहन को पकड़ा है। कार्रवाई 9 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे राजपुर से ओकड़ा-धोरपुर-करदोनी मार्ग पर की गई।
वन विभाग के अनुसार, वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर एवं कर्मचारियों की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान वाहन क्रमांक UP T 64 BT 3521 को रोककर जांच की गई। वाहन में 80 नग साल चिरान, जिसकी मात्रा करीब 1.209 घन मीटर बताई गई, अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया। वन विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये, जबकि वन उपज की कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है।
बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था चिरान,
वन विभाग के मुताबिक, जब्त लकड़ी को बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22026/02, दिनांक 9 सितंबर 2026 को पंजीबद्ध किया गया है। कार्रवाई छत्तीसगढ़ काष्ठ (वनोपज) नियम 2001, वन उपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969, भारतीय वन अधिनियम 1927 तथा मध्यप्रदेश काष्ठ चिरान (विनियमन) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत की गई है।
मुख्य आरोपी सहित 15 लोगों से पूछताछ,
प्रकरण में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अजय टोप्पो, निवासी ग्राम आटो जयमल टोप्पो, जाति उरांव, साकिन करदोनी, जिला सरगुजा को लकड़ी चोरी का आदतन आरोपी बताया गया है। वन विभाग के अनुसार आरोपी का अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय लकड़ी माफियाओं से संबंध होने की जानकारी सामने आई है।
पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि जंगल से लकड़ी काटने और चिरान करने वाले अलग-अलग गिरोह सक्रिय हैं। विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने करीब 400 रुपये प्रति नग की दर से चौरख की लकड़ी पटना-शंकरगढ़ क्षेत्र के कैलाश कोड़ाकू, सोनू, अंतू सहित कुल 15 व्यक्तियों से 80 नग चौरख लकड़ी खरीदकर करदोनी ले जाने की बात सामने आई है। लकड़ी को आसपास के गांवों में करीब 600 रुपये प्रति नग की दर से बेचने का उद्देश्य बताया गया है।
वन विभाग की टीम ने वाहन जब्ती के दौरान इस गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की है। मामले में विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर अजय वर्मा, परिक्षेत्र सहायक अमृत प्रताप सिंह, परिसर रक्षक पुनीत कुमार सिंह, वनरक्षक प्रवीण कुमार एक्का, कुंदन पैकरा, राकेश लकड़ा, राजेश कुमार, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, युधिष्ठिर राम, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, वाहन चालक जगेश्वर पैकरा, नीरज कुजूर एवं सम्मेलाल का सराहनीय योगदान रहा।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।