बलरामपुर : जंगल में भालू का हमला, बकरी चराने गए युवक के सिर-पैर में गंभीर चोट,
जंगल में भालू का हमला, बकरी चराने गए युवक के सिर-पैर में गंभीर चोट,
राजपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अम्बिकापुर रेफर, एंबुलेंस के लिए करीब डेढ़ घंटे इंतजार से परिजन परेशान,
राजपुर/बलरामपुर,
राजपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सेवारी में जंगल में बकरी चराने गए एक युवक पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन घायल युवक को उपचार के लिए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अम्बिकापुर रेफर किया गया। हालांकि रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस उपलब्ध होने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया, जिससे घायल युवक और उसके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेवारी निवासी युवक बकरी चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान अचानक उसका सामना भालू से हो गया। भालू ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और पैर में चोटें आईं। घटना के बाद किसी तरह युवक को परिजन राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। युवक की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए अम्बिकापुर रेफर किया गया। रेफर किए जाने के बाद परिजन एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने से घायल युवक अस्पताल में ही परेशान हालत में पड़ा रहा और परिजन एंबुलेंस के इंतजाम को लेकर चिंतित रहे।
वन विभाग ने तत्काल दी सहायता,
वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर अजय वर्मा ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार एवं सहायता के लिए तत्काल 1 हजार रुपये की राशि दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने और वन्यजीवों से सावधानी बरतने की समझाइश भी दी गई है।