बलरामपुर : दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य बनाने युवा सेवा समिति की बैठक संपन्न….
दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य बनाने युवा सेवा समिति की बैठक संपन्न,
जगराता, गरबा नाइट, भव्य विसर्जन यात्रा और रावण दहन को लेकर बनी रणनीति,
बलरामपुर/वाड्रफनगर (चन्दौरीपारा)
आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से युवा सेवा समिति, चन्दौरीपारा के तत्वावधान में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवरात्र पर्व के दौरान होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा कर रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में समिति के संरक्षक धीरेंद्र द्विवेदी एवं दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रामकुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा युवा सेवा समिति के सदस्य तथा स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।
बैठक में नवरात्र उत्सव के दौरान वृहद जगराता, भक्तिमय झांकी, गरबा नाइट, भव्य विसर्जन यात्रा और विजयादशमी पर रावण दहन आयोजित करने को लेकर चर्चा हुई। माता रानी के दरबार में भक्तिमय संगीत एवं आकर्षक झांकियों के साथ जगराता आयोजित करने की योजना बनाई गई। वहीं युवाओं एवं श्रद्धालुओं के लिए डांडिया और गरबा नाइट का आयोजन भी प्रस्तावित किया गया।

माता की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान अनुशासन एवं भव्यता बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही विजयादशमी के अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन कार्यक्रम को भी भव्य स्वरूप देने पर विचार-विमर्श किया गया।
समिति के संरक्षक धीरेंद्र द्विवेदी एवं अध्यक्ष रामकुमार ने सभी सदस्यों से एकजुट होकर तैयारियों में जुटने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में सदस्यों ने उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए दुर्गा पूजा महोत्सव को यादगार बनाने का संकल्प लिया।