बलरामपुर : उड़ीसा से बिहार ले जाई जा रही 109.235 किलो गांजा की बड़ी खेप बलरामपुर में जब्त,
बलरामपुर : उड़ीसा से बिहार ले जाई जा रही 109.235 किलो गांजा की बड़ी खेप बलरामपुर में जब्त,
पिकअप वाहन के गुप्त चैंबर से बरामद हुआ गांजा, बिहार का एक आरोपी गिरफ्तार,
बलरामपुर,
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से बिहार ले जाई जा रही गांजा की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन में बनाए गए गुप्त चैंबर से 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में बिहार के बक्सर जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बलरामपुर पुलिस को गांजा तस्करी से संबंधित सूचना एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त हो रही थी।
24 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग के बोलेरो पिकअप क्रमांक JH10AQ5144 में बड़ी मात्रा में गांजा उड़ीसा से बलरामपुर होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने एमसीपी लगाकर संदिग्ध वाहन की चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान पुलिस को उक्त पिकअप वाहन दिखाई दिया। वाहन की सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर उसके डाला के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर का पता चला। पुलिस ने चैंबर खुलवाकर तलाशी ली तो उसमें गांजा छिपाकर रखा गया था। मौके पर गांजा का वजन कराने पर कुल 109.235 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई गई।
पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया। मामले में वाहन चालक योगीराज पिता एशन शाह, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कतिकनार, वार्ड क्रमांक 05, थाना नावानगर, जिला बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को जब्त मादक पदार्थ एवं वाहन के साथ न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से उड़ीसा से बिहार की ओर होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है।