बलरामपुर : 55 फीसदी दिव्यांगता के बावजूद साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले ‘वासु राइडर’, वाड्रफनगर में नाई समाज समेत नगरवासियों ने किया भव्य स्वागत…
55 फीसदी दिव्यांगता के बावजूद साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले ‘वासु राइडर’, वाड्रफनगर में नाई समाज समेत नगरवासियों ने किया भव्य स्वागत,
आगरा से शुरू की साइकिल यात्रा, 7 राज्यों का भ्रमण कर पहुंचे छत्तीसगढ़; पर्यावरण संरक्षण और साइकिल चलाने का दे रहे संदेश,
वाड्रफनगर/बलरामपुर,
पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लेकर साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले ‘वासु राइडर’ का छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पहुंचने पर नाई समाज सहित नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया। नगर पंचायत वाड्रफनगर के गांधी चौक पर समाज के लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उनके इस अभियान की सराहना की।
वासु राइडर ने अपनी साइकिल यात्रा की शुरुआत आगरा, उत्तर प्रदेश से की है। अब तक वे सात राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं और अपनी यात्रा के आठवें राज्य छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया है। वाड्रफनगर पहुंचने पर उन्होंने लोगों से अपने यात्रा के उद्देश्य को साझा किया।
वासु राइडर ने बताया कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी छोटी-छोटी दूरियों के लिए भी पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों का अधिक उपयोग कर रही है। इससे प्रदूषण बढ़ने के साथ ही ट्रैफिक और सड़क जाम जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। उनका उद्देश्य साइकिल और पैदल चलने के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि वे 55 प्रतिशत शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद करीब 50 किलो वजन के साथ साइकिल से मिर्जापुर, सोनभद्र और छत्तीसगढ़ जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब वे इन परिस्थितियों में साइकिल चला सकते हैं, तो स्वस्थ युवा भी छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग क्यों नहीं कर सकते।
वासु राइडर ने कहा कि साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करने से पेट्रोल-डीजल की बचत, प्रदूषण में कमी, ट्रैफिक का दबाव कम होने और जाम की स्थिति से राहत जैसे कई फायदे हो सकते हैं। उन्होंने अपनी यात्रा के माध्यम से लोगों को साइकिलिंग के फायदे समझाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया है। वाड्रफनगर में नाई समाज और नगर वासियों द्वारा किए गए स्वागत के दौरान समाज के लोगों ने उनके अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।