बलरामपुर : एसीबी की दबिश: 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते नागरिक आपूर्ति अधिकारी गिरफ्तार,
एसीबी की दबिश: 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते नागरिक आपूर्ति अधिकारी गिरफ्तार,
संयुक्त कार्यालय परिसर में अचानक पहुंची टीम, बंद कमरे में अधिकारी से पूछताछ; रिश्वत के एवज में किए जाने वाले कार्य की जांच जारी,
बलरामपुर,
बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कार्यालय परिसर में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने नागरिक आपूर्ति विभाग में दबिश देकर कार्रवाई की। इस दौरान नागरिक आपूर्ति अधिकारी विद्यासागर गोपाल को कथित तौर पर 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से संयुक्त कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम के पहुंचते ही विभागीय कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। बताया जा रहा है कि टीम ने कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम बरामद की और संबंधित अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
रिश्वत के एवज में किए जाने वाले कार्य की जांच,
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम नागरिक आपूर्ति अधिकारी विद्यासागर गोपाल से बंद कमरे में पूछताछ कर रही है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि कथित तौर पर रिश्वत की रकम किस कार्य के एवज में मांगी या ली जा रही थी। इसके अलावा, इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।