बलरामपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में रक्तदान शिविर, बीएमओ ने की अधिकाधिक सहभागिता की अपील…
सेवा संकल्प अभियान के तहत वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में रक्तदान शिविर, बीएमओ ने की अधिकाधिक सहभागिता की अपील
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से किया रक्तदान का आह्वान, सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया रक्तदान का महत्व
वाड्रफनगर/बलरामपुर
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसेवा एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में ‘रक्तदान महादान’ शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से शिविर में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। रक्तदान इस भावना की सार्थक अभिव्यक्ति है, क्योंकि किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, शासकीय कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाओं, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, एनीमिया, थैलेसीमिया, कैंसर और गंभीर सर्जरी जैसी परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रक्त का कोई पूर्ण कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण इसकी जरूरत को स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि रक्त के विभिन्न घटकों का उपयोग अलग-अलग मरीजों के उपचार में किया जा सकता है, जिससे एक यूनिट रक्त से एक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सकता है।
बीएमओ वाड्रफनगर डॉ. हेमंत दीक्षित ने भी क्षेत्र के नागरिकों से रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों की सहायता करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। लोगों को इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक होकर स्वेच्छा से आगे आना चाहिए, ताकि जरूरत के समय मरीजों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है, लेकिन रक्तदान करने से पहले स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा दानदाता की पात्रता की जांच की जाती है। निर्धारित स्वास्थ्य मानकों पर खरे उतरने वाले व्यक्ति ही रक्तदान कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने समस्त नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे सिविल अस्पताल वाड्रफनगर पहुंचकर रक्तदान शिविर में सहभागी बनें और सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।