बलरामपुर :डौरा पुलिस ने सुलझाया हत्या का मामला, पति-पत्नी गिरफ्तार….
डौरा पुलिस ने सुलझाया हत्या का मामला, पति-पत्नी गिरफ्तार….
जंगल में गड्ढे के पास मिला था सिर कटा शव, महज चंद घंटे में पुलिस ने किया वारदात का खुलासा,
बलरामपुर-रामानुजगंज,
डौरा पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में सोनू खैरवार (30 वर्ष) तथा उसकी पत्नी मनबासो (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कोटदेही, चौकी डौरा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज शामिल हैं। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 47/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोदौरा निवासी वसीम अंसारी (56 वर्ष) के संबंध में उसके भाई अजीम अंसारी ने 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे चौकी डौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसका भाई अपनी एक्टिवा स्कूटी से गांव की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों और आसपास के लोगों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
अगले दिन 3 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे वसीम अंसारी की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15CQ3388 मक्का बाड़ी के पास मिली। इसके बाद भी वसीम का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों की रिपोर्ट पर डौरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जंगल में मिला सिर कटा शव,
जांच के दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भीतर बिलमा उबका जंगल में नाला के पास गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही डौरा पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और मृतक के भाई से पहचान एवं तस्दीक कराए जाने पर शव की पहचान वसीम अंसारी के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार पर पुलिस का संदेह गहराया।
मोबाइल पर बुलाकर की हत्या, शव छिपाने का प्रयास,
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका मृतक वसीम अंसारी से पूर्व से अवैध संबंध था। घटना वाले दिन 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने वसीम को मोबाइल फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। वसीम के वहां पहुंचने के बाद मनबासो और उसके पति सोनू ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपियों ने अपराध छिपाने के उद्देश्य से सिर एवं धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था।
आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अपराध की सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर हत्या में शामिल आरोपियों तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की इस वारदात का खुलासा होने पर क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली की चर्चा है।