Skip to main content

क्राइमछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर :  मवेशी तस्करी के संगठित नेटवर्क का आरोपी लोकल सलाहकार गिरफ्तार,रघुनाथनगर पुलिस की कार्रवाई, उत्तर प्रदेश तक मवेशियों की अवैध तस्करी कराने का आरोप; आरोपी के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज,

मवेशी तस्करी के संगठित नेटवर्क का आरोपी लोकल सलाहकार गिरफ्तार,

रघुनाथनगर पुलिस की कार्रवाई, उत्तर प्रदेश तक मवेशियों की अवैध तस्करी कराने का आरोप; आरोपी के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज,

रघुनाथनगर/बलरामपुर

जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रघुनाथनगर पुलिस ने मवेशियों की अवैध तस्करी के मामले में कथित संगठित अपराध के आरोपी जितेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्थानीय स्तर पर मवेशियों की खरीद-फरोख्त कराने, उन्हें एकत्रित करने और जंगलों के रास्ते दूसरे स्थानों तक पहुंचाने में सलाहकार की भूमिका निभाता था। आरोपी के खिलाफ मवेशी तस्करी से जुड़े तीन पुराने मामले भी दर्ज हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई,

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 को रघुनाथनगर पुलिस की टीम ग्राम भ्रमण और गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केशारी गांव में कुछ तस्कर मवेशियों को अवैध रूप से पैदल उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम केशारी में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने दीपक सोनवानी (24 वर्ष), निवासी केशारी को मौके से पकड़ लिया। उसके कब्जे से 34 नग भैंस एवं भैंसा जब्त किए गए। इस दौरान अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

फरार आरोपियों की तलाश के दौरान मुख्य आरोपी पकड़ाया,

घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान प्राप्त सूचना और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर कथित मुख्य आरोपी जितेंद्र जायसवाल (34 वर्ष), पिता हुकुमचंद जायसवाल, निवासी ग्राम केशारी, थाना रघुनाथनगर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की भूमिका मवेशियों को कम कीमत पर खरीदकर एकत्रित कराने और जंगलों के रास्ते दूसरे स्थानों तक पहुंचाने में मदद करने की थी। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पहले से तीन मामले दर्ज,

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र जायसवाल के विरुद्ध रघुनाथनगर थाने में पशु तस्करी एवं पशु क्रूरता से संबंधित तीन अन्य मामले पहले से पंजीबद्ध हैं। इनमें अपराध क्रमांक 26/2026, 127/2021 और 124/2025 शामिल हैं। इन मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक बलरामपुर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह सहित रघुनाथनगर पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।

पुलिस की अपील : 

पशुओं की अवैध खरीद-फरोख्त, तस्करी या क्रूरता से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *