बलरामपुर : राष्ट्र सेवा के रंग: वंदे भारत एक्सप्रेस की भव्य रंगोली में झलका विकसित भारत का सपना…
राष्ट्र सेवा के रंग: वंदे भारत एक्सप्रेस की भव्य रंगोली में झलका विकसित भारत का सपना…
बलरामपुर,
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘राष्ट्र सेवा के रंग’ कार्यक्रम ने बलरामपुर जिले में राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की। शासकीय कन्या महाविद्यालय बलरामपुर के प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस की विशाल एवं आकर्षक रंगोली बनाई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

रंगोली में आधुनिक भारत की प्रगति, आत्मनिर्भरता और विकास की गति को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया। देश की नई पहचान बन चुकी वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि भारत तेज़ी से विकास के पथ पर अग्रसर है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प की ओर दृढ़ कदम बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के सेवा, संकल्प और समर्पण को समर्पित थीम आधारित रंगोली रही। विद्यार्थियों ने स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों, अनाज, फल-फूल, प्राकृतिक रंगों तथा छत्तीसगढ़ की पहचान माने जाने वाले रंगे हुए धान का उपयोग कर कलात्मक और पर्यावरण-अनुकूल रचनाएं तैयार कीं। इन रंगोलियों ने न केवल कला का प्रदर्शन किया बल्कि प्रकृति संरक्षण और स्थानीय संसाधनों के महत्व का संदेश भी दिया।

इस आयोजन में शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर, शासकीय कन्या महाविद्यालय बलरामपुर तथा नवीन महाविद्यालय रनहत के विद्यार्थियों के साथ युवा स्वयंसेवकों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर राष्ट्र सेवा और सामाजिक सहभागिता की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की।
जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी विकासखंडों में भी रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रामचंद्रपुर, वाड्रफनगर, राजपुर, कुसमी और शंकरगढ़ में स्थानीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से ‘विकसित भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की सफलता में जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। युवाओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन एक जनआंदोलन और जनभागीदारी के उत्सव में परिवर्तित हो गया।
प्राकृतिक सामग्रियों से निर्मित इन भव्य कलाकृतियों ने यह संदेश दिया कि परंपरा, संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण के साथ आगे बढ़ता भारत ही ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को साकार कर सकता है। वंदे भारत एक्सप्रेस की विशाल रंगोली ने न केवल कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता और सकारात्मक सोच को भी प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
राष्ट्र सेवा के रंगों से सजी यह रंगोली प्रतियोगिता बलरामपुर जिले में विकसित भारत के संकल्प का जीवंत प्रतीक बनकर उभरी।