Skip to main content

क्राइमछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : दो रास्तों पर घेराबंदी, जंगल में भागा चालक: यूपी बॉर्डर से धान खपाने की कोशिश नाकाम, 63 बोरी धान सहित पिकअप जब्त,

दो रास्तों पर घेराबंदी, जंगल में भागा चालक: यूपी बॉर्डर से धान खपाने की कोशिश नाकाम, 63 बोरी धान सहित पिकअप जब्त,

बलरामपुर,

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच दूसरे राज्यों का धान जिले में खपाने की एक और कोशिश प्रशासन की सतर्कता से नाकाम हो गई। उत्तर प्रदेश सीमा से लगे चुनापत्थर मार्ग से धान लेकर आ रही पिकअप की सूचना मुखबिर से मिलते ही दो उड़नदस्ता टीमें सक्रिय हो गईं। वाहन किसी भी रास्ते से निकल न सके, इसके लिए दोनों टीमों ने अलग-अलग मार्गों पर मोर्चा संभाला। एक टीम का नेतृत्व जनपद पंचायत सीईओ  रणवीर साय ने किया, जबकि दूसरी टीम में तहसीलदार  आई.सी. यादव और मंडी सचिव  वीरेंद्र ठाकुर अपनी टीम के साथ मौजूद थे। दोनों ओर से पीछा कर पिकअप को घेर लिया गया। खुद को घिरा देख चालक वाहन छोड़कर सलवाही के जंगल में भाग निकला।

तलाशी में पिकअप से 63 बोरी धान बरामद हुआ। वाहन को धान सहित डिंडो थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

दूसरे राज्य के धान की अवैध बिक्री गंभीर अपराध है और इसके लिए कड़े कानूनी प्रावधान हैं। छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 की धारा 23 में वाहन रोकने और धारा 20 में जांच, प्रवेश व जब्ती का अधिकार मंडी सचिव और अन्य लोक सेवकों को दिया गया है। धारा 20(2) और 20(3) के तहत अवैध परिवहन में लगे वाहनों को जब्त किया जा सकता है। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 7 के तहत कारावास, जुर्माना और जब्ती का प्रावधान है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और धारा 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत भी अपराध दर्ज किया जा सकता है। पुलिस अवैध परिवहन में लगे ट्रक या ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहनों को जब्त कर सकती है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी का लाभ केवल जिले के वास्तविक किसानों को मिले, इसके लिए सीमावर्ती मार्गों पर उड़नदस्ता टीमें लगातार नजर रख रही हैं। कोचियों और बिचौलियों को चेतावनी दी गई है कि बाहरी धान लाने, परिवहन करने या खपाने की कोशिश पर वाहन जब्ती के साथ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध धान परिवहन की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *