Skip to main content

स्वास्थ्यछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंजवाड्रफनगर

बलरामपुर :वाड्रफनगर में नेत्र सुरक्षा कार्यक्रम का सफल समापन, 1.84 लाख से अधिक लोगों का हुआ नेत्र परीक्षण,

वाड्रफनगर में नेत्र सुरक्षा कार्यक्रम का सफल समापन, 1.84 लाख से अधिक लोगों का हुआ नेत्र परीक्षण,

वाड्रफनगर/बलरामपुर,

विकासखंड वाड्रफनगर में 16 से 21 नवम्बर 2026 तक आयोजित विशेष ‘सम्पूर्ण नेत्र सुरक्षा कार्यक्रम’ का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शासन के इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत विकासखंड की बड़ी आबादी तक पहुंच बनाकर नागरिकों का नेत्र परीक्षण एवं सर्वेक्षण किया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नेत्र संबंधी समस्याओं और मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान की गई, जिन्हें अब उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) बलरामपुर के निर्देशन, जनप्रतिनिधियों के सहयोग, डॉ. हेमन्त दीक्षित (BMO वाड्रफनगर) की निगरानी तथा नेत्र सहायक अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के समन्वित प्रयास से किया गया।

1.84 लाख से अधिक नागरिकों का हुआ सर्वेक्षण,

अभियान के अंतर्गत विकासखंड वाड्रफनगर की लगभग 1,96,255 की जनसंख्या को लक्ष्य बनाकर नेत्र परीक्षण एवं सर्वेक्षण किया गया। अभियान के दौरान 1,84,738 नागरिकों का सर्वेक्षण पूरा किया गया। इस दौरान कुल 1,182 नेत्र संबंधी प्रकरण चिन्हित किए गए।

सर्वेक्षण में मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों की संख्या भी बड़ी रही। कुल 667 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान की गई। इनमें 397 मरीज दोनों आंखों से मोतियाबिंद प्रभावित पाए गए, जबकि 270 मरीज एक आंख से मोतियाबिंद प्रभावित मिले, जिन्हें ऑपरेशन की आवश्यकता है।

इसके अलावा अभियान में 344 मरीजों में नजदीक की दृष्टि दोष (Presbyopia) तथा 329 मरीजों में दृष्टि दोष (Refractive Error) की पहचान की गई। पूर्व चिन्हित एवं अतिरिक्त अन्य नेत्र संबंधी प्रकरणों को मिलाकर कुल 515 प्रकरण सामने आए।

667 मोतियाबिंद मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन की तैयारी,

अभियान के दौरान चिन्हित किए गए 667 मोतियाबिंद मरीजों को निःशुल्क शल्यक्रिया के लिए रेफर करने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

वहीं, दृष्टि दोष से प्रभावित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ आवश्यकता के अनुसार चश्मे उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है। इस पहल से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के ऐसे लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नेत्र संबंधी समस्याओं के कारण दैनिक जीवन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

स्वास्थ्य विभाग और मैदानी अमले की अहम भूमिका,

विशेष नेत्र सुरक्षा कार्यक्रम को सफल बनाने में नेत्र सहायक अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों तथा मैदानी स्तर पर जुड़े कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीमों ने निर्धारित क्षेत्र में पहुंचकर नागरिकों का नेत्र परीक्षण किया और चिन्हित मरीजों की जानकारी संकलित की।

कार्यक्रम की सफलता पर डॉ. हेमन्त दीक्षित,बीएमओ वाड्रफनगर ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा नेत्र सहायक अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों और क्षेत्र के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और समय पर नेत्र रोगों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है।

विशेष नेत्र सुरक्षा कार्यक्रम के समापन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने चिन्हित मरीजों के उपचार और फॉलोअप की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। अभियान से सामने आए आंकड़े विकासखंड में नेत्र स्वास्थ्य को लेकर भविष्य की कार्ययोजना बनाने में भी महत्वपूर्ण आधार साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *