Skip to main content

छत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

सरगुजा/प्रतापपुर : ‘हादसे का इंतजार कर रहे हैं क्या?’ महानदी पुल की बदहाल सड़क देख भड़के डिप्टी सीएम..

‘हादसे का इंतजार कर रहे हैं क्या?’ महानदी पुल की बदहाल सड़क देख भड़के डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम अरुण साव ने अधिकारियों को लगाई फटकार, तत्काल मरम्मत के निर्देश; कहा- एसी कमरों से निकलकर मैदान में उतरें…

सरगुजा/प्रतापपुर

महानदी पुल की बदहाल सड़क देखकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का गुस्सा फूट पड़ा। अंबिकापुर-खड़गवां मार्ग के औचक निरीक्षण के दौरान सड़क की खराब स्थिति पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। नाराजगी जताते हुए उन्होंने सवाल किया, “हादसे का इंतजार कर रहे हैं क्या?” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

सरगुजा प्रवास के दौरान किए गए निरीक्षण में उप मुख्यमंत्री ने पुल पर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। बदहाल सड़क को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क और पुलों के रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करना होगा।

एसी कमरों से निकलें अधिकारी,

डिप्टी सीएम अरुण साव ने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि केवल एसी कमरों में बैठकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने से काम नहीं चलेगा। अधिकारियों को खुद मैदान में उतरकर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति देखनी होगी। मौके पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करना भी उनकी जिम्मेदारी है।

मरम्मत में देरी बर्दाश्त नहीं,

महानदी पुल की सड़क की खराब हालत पर उप मुख्यमंत्री ने तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहे। सड़क और पुलों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को जवाब देना होगा।

निरीक्षण के दौरान सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण और सख्त रुख से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों में हलचल रही। निरीक्षण के जरिए उन्होंने साफ कर दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सड़कों की स्थिति को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *