बलरामपुर : कुसमी के किसानों ने सीखी प्राकृतिक खेती की तकनीक, 100 से अधिक किसानों को मिला प्रशिक्षण,
कुसमी के किसानों ने सीखी प्राकृतिक खेती की तकनीक, 100 से अधिक किसानों को मिला प्रशिक्षण,
बलरामपुर,
रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने और कम लागत में टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र, बलरामपुर ने कुसमी विकासखंड की ग्राम पंचायत गोपीनगर में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत हुए इस प्रशिक्षण में गोपीनगर और केंदली ग्राम पंचायतों के 100 से अधिक चयनित किसान शामिल हुए। कार्यक्रम इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के निदेशक विस्तार सेवाएं के निर्देश पर और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जी.के. निगम के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें उपसंचालक कृषि और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कुसमी का सहयोग रहा।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. इंद्रपाल सिंह पैकरा ने किसानों को प्राकृतिक खेती की अवधारणा, महत्व और सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से खेती की लागत घटती है, और इससे मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन भी बेहतर होता है। किसानों को बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे प्राकृतिक आदान बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही मल्चिंग, वाफसा और फसल विविधीकरण जैसी तकनीकें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि गांव में ही प्राकृतिक आदान तैयार करने से बाहरी आदानों पर निर्भरता कम होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बसंत टोप्पो, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अशोक कुजूर, गोपीनगर की सरपंच श्रीमती लीलावती बेक, सचिव इस्पात राम, केंदली के सरपंच कमल राम और सचिव श्रीमती नयन तारा भगत उपस्थित रहे। किसानों ने उत्साह से भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।