Skip to main content

शिक्षाछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंजवाड्रफनगर

बलरामपुर : ‘जड़ें और पंख : परंपरा से भविष्य की ओर’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित,

‘जड़ें और पंख : परंपरा से भविष्य की ओर’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित,

वाड्रफनगर/बलरामपुर,

शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय, वाड्रफनगर में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में 23 नवंबर 2026 को ‘जड़ें और पंख : परंपरा से भविष्य की ओर’ विषय पर एक दिवसीय बहुविषयक राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, सिनेमा एवं फिल्म अध्ययन, वित्तीय साक्षरता, तनाव प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यशाला के प्रथम सत्र में प्राध्यापक डॉ. एस.के. त्रिपाठी, पूर्व अतिरिक्त अपर संचालक, सरगुजा संभाग ने ‘भारतीय ज्ञान परंपरा एवं शिक्षा’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा के सामाजिक महत्व, संस्कृति, संस्कार, वेद एवं उपनिषदों के साथ आधुनिक जीवन में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और समाज निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।

द्वितीय सत्र में डॉ. संदीप पौल, सहायक प्राध्यापक (अतिथि) ने सिनेमा एवं फिल्म अध्ययन पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने सिनेमा को मनोरंजन के साथ सामाजिक वास्तविकताओं, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को समझने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को पटकथा, छायांकन, संपादन, दृश्य एवं ध्वनि जैसे फिल्म निर्माण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

तृतीय सत्र में भारतीय स्टेट बैंक वाड्रफनगर शाखा के शाखा प्रबंधक अभिषेक दीक्षित ने समय प्रबंधन एवं वित्तीय साक्षरता विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बचत, निवेश, बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय नियोजन के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों को वित्तीय अनुशासन अपनाने तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

चतुर्थ सत्र में आईटीआई वाड्रफनगर के प्रशिक्षक धर्मेंद्र चंद्राकर ने तनाव प्रबंधन एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपायों के साथ प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों से अवगत कराया।

पंचम सत्र में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. सिंह ने ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : जड़ से भविष्य तक’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और प्राचीन ज्ञान की महत्ता बताते हुए आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिक ज्ञान एवं तकनीक के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया।

कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने अपने अनुभव और विषयगत ज्ञान के माध्यम से विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन में उपयोगी जानकारी प्रदान की। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति सम्मान, तार्किक चिंतन, कौशल विकास, रोजगारपरक दृष्टिकोण, वित्तीय जागरूकता और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला का सफल आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *