बलरामपुर : स्मार्ट क्लास में घुसा मक्खियों का झुंड, व्याख्याता-भृत्य समेत 10 घायल…
स्मार्ट क्लास में घुसा मक्खियों का झुंड, व्याख्याता-भृत्य समेत 10 घायल…
तीन छात्राओं की हालत गंभीर, बलरामपुर जिला अस्पताल किया गया रेफर
बलरामपुर/रामानुजगंज,
ग्राम विजयनगर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्मार्ट क्लास रूम में ड्राइंग कर रहे विद्यार्थियों पर अचानक मक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में व्याख्याता, भृत्य सहित करीब 10 बच्चे घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे स्कूल के स्मार्ट क्लास रूम में बच्चे ड्राइंग कर रहे थे। इसी दौरान पहले एक-दो मक्खियां क्लास के अंदर पहुंचीं और कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में मक्खियों का झुंड कमरे में आ गया। अचानक हुए हमले से बच्चे घबरा गए और क्लास में अफरा-तफरी मच गई। मक्खियों ने विद्यार्थियों के साथ मौजूद व्याख्याता एवं भृत्य को भी काटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर शालिनी सहित अन्य चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
घायलों में कक्षा दसवीं की छात्राएं नंदिनी कुशवाहा, आफरीन और संविदा खातून की स्थिति अधिक गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बलरामपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
अचानक स्कूल के भीतर मक्खियों के झुंड के हमले से हुई घटना को लेकर विद्यालय में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा परिसर में मक्खियों के झुंड के आने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।