बलरामपुर : रानी दुर्गावती जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया साहस, सेवा और स्वाभिमान का संकल्प…
रानी दुर्गावती जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया साहस, सेवा और स्वाभिमान का संकल्प…
वाड्रफनगर/बलरामपुर,
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 5 अक्टूबर 2026 को शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय, वाड्रफनगर में वीरांगना रानी दुर्गावती जयंती के अवसर पर श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य, स्वाभिमान, त्याग, जनसेवा एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण को स्मरण किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन साहस, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

डॉ. तोयज शुक्ला ने कहा कि रानी दुर्गावती ने विपरीत परिस्थितियों में भी अदम्य साहस और दृढ़ नेतृत्व का परिचय दिया। उनका जीवन यह संदेश देता है कि नेतृत्व का उद्देश्य केवल शासन करना नहीं, बल्कि जनकल्याण और समाज की सेवा करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, संघर्षशीलता और कर्तव्यबोध विकसित करने की अपील की।
डॉ. रजनीकांत साहू ने रानी दुर्गावती के जीवन को भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और नारी शक्ति का गौरवपूर्ण उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने साहस और दृढ़ संकल्प से सिद्ध किया कि विपरीत परिस्थितियों में भी सिद्धांतों और मूल्यों की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक समरसता, सेवा भावना, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अतिथि व्याख्याता बेनी प्रसाद डेहरिया ने कहा कि रानी दुर्गावती का बलिदान भारतीय इतिहास में स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके जीवन से साहस, स्वाभिमान, सुशासन, नारी शक्ति तथा प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज, पर्यावरण और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए सेवा, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती के आदर्शों तथा सेवा संकल्प अभियान की भावना को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. रजनीकांत साहू, डॉ. बलराम साहू, पंकज कुमार, शिवम पटेल, कमलेश कुमार, सुश्री रेणुका दीवान, सुश्री शालिनी कुजूर, डॉ. सुनील राम, डॉ. अनिल नायर, सुश्री लक्ष्मी वी. नायर, देव कुमार, डमरूधर नागवंशी, दिनेश गुप्ता, अजय कुमार, सुश्री छत्रवाती सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।