बलरामपुर, संवेदनशील शासन की त्वरित पहल : मधुमक्खियों के हमले में घायल 12 विद्यार्थियों को दो दिन में मिली 3 लाख रुपये की सहायता….
संवेदनशील शासन की त्वरित पहल :
मधुमक्खियों के हमले में घायल 12 विद्यार्थियों को दो दिन में मिली 3 लाख रुपये की सहायता
बलरामपुर,
विद्यार्थियों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति राज्य शासन की प्रतिबद्धता का एक सराहनीय उदाहरण जिले में सामने आया है। मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए 12 विद्यार्थियों के लिए छात्र-दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत प्रति विद्यार्थी 25 हजार रुपये की दर से कुल 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। घटना 05 अक्टूबर को हुई थी। जिला शिक्षा अधिकारी ने अगले ही दिन प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजा और 07 अक्टूबर को राशि स्वीकृत हो गई। महज दो दिन में पूरी हुई यह प्रक्रिया बताती है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के बेहतर समन्वय से जरूरतमंदों को बिना देरी के राहत पहुंचाई जा सकती है।
घटना के तुरंत बाद कक्षा 10वीं से 12वीं के सभी घायल विद्यार्थियों को जिला अस्पताल बलरामपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज और महावीरगंज के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। समय पर उपचार मिलने से अधिकांश विद्यार्थियों की स्थिति सामान्य है, जबकि एक विद्यार्थी का उपचार जारी है।
स्वीकृत राशि का आहरण कलेक्टर से समन्वय कर किया जाएगा, ताकि सहायता शीघ्र परिजनों तक पहुंचे और उपचार के खर्च का बोझ उन पर न पड़े। छात्र-दुर्घटना बीमा योजना शासकीय शालाओं के विद्यार्थियों के लिए सुरक्षा कवच है, जो किसी भी आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में उन्हें आर्थिक संबल देती है। इस त्वरित पहल से अभिभावकों में शासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।