बलरामपुर : मक्का बाड़ी में करंट प्रवाहित नंगा तार लगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार…
मक्का बाड़ी में करंट प्रवाहित नंगा तार लगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार…
मक्का बाड़ी में करंट प्रवाहित नंगा तार लगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार,
करंट की चपेट में आने से हुई थी ग्रामीण की मौत, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया,
बलरामपुर,
त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर (सुईदोहर) में मक्का बाड़ी में कथित रूप से बिजली का करंट प्रवाहित नंगा तार लगाने के कारण एक ग्रामीण की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 105 बीएनएस एवं विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गोवर्धनपुर (सुईदोहर) निवासी रोहित लाल श्यामले की सूचना पर थाना त्रिकुंडा में मर्ग क्रमांक 39/2026 धारा 194 बीएनएस के तहत मर्ग कायम कर मृतक लहन राम पिता रामटहल, उम्र 40 वर्ष, निवासी गोवर्धनपुर (सुईदोहर) के शव का पंचनामा किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सूचक एवं गवाहों से अलग-अलग पूछताछ की। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण करने के अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, वाड्रफनगर के कनिष्ठ यंत्री से प्राप्त जानकारी एवं प्रतिवेदन का भी परीक्षण किया गया।
मर्ग जांच में पुलिस के अनुसार सामने आया कि आरोपी राम सिंह पिता सुधु राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी गोवर्धनपुर थाना त्रिकुंडा द्वारा विद्युत पोल से बिजली लाइन का तार खींचकर अपने घर के पास स्थित मक्का बाड़ी में सेंट्रिंग के नंगे तार से घेराबंदी कर उसमें विद्युत करंट प्रवाहित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को मृतक लहन राम अपने बाड़ी में जुताई करने गया था। इसी दौरान पानी पीने के लिए वह आरोपी के घर के पास स्थित मक्का बाड़ी के रास्ते से गुजर रहा था। तभी बाड़ी में लगाए गए नंगे विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
जांच में आरोपी का कृत्य धारा 105 बीएनएस एवं विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135 के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी राम सिंह को 19 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया।