Skip to main content

छत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : असीमांकित नारंगी वन क्षेत्र में कथित अतिक्रमण की शिकायत, संयुक्त टीम ने शुरू किया चिन्हांकन…

असीमांकित नारंगी वन क्षेत्र में कथित अतिक्रमण की शिकायत, संयुक्त टीम ने शुरू किया चिन्हांकन,

वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने रोजवादामर क्षेत्र में पहुंचकर की जांच, सीमांकन के बाद नियमानुसार कार्रवाई,

रामानुजगंज/बलरामपुर,

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गम्हरिया के रोजवादामर क्षेत्र में असीमांकित नारंगी वन क्षेत्र में कथित अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई की शिकायत के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। बुधवार को वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संबंधित क्षेत्र का चिन्हांकन एवं जांच की प्रक्रिया शुरू की।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार चिन्हांकन के माध्यम से यह स्पष्ट किया जा रहा है कि संबंधित भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है और राजस्व एवं वन अभिलेखों के अनुसार कौन सा क्षेत्र वनभूमि के अंतर्गत आता है। जांच और सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्लांटेशन में पेड़ों की कटाई की भी शिकायत,

रोजवादामर क्षेत्र में वन विभाग द्वारा कराए गए प्लांटेशन के पेड़ों की कथित कटाई को लेकर भी शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ काटे गए हैं। इनमें आंवला, बहेरा, हर्रा सहित अन्य औषधीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधे शामिल होने की बात कही जा रही है।

हालांकि पेड़ों की कटाई और कथित अतिक्रमण से संबंधित ग्रामीणों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जांच किए जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

अतिक्रमण की तैयारी के लगाए गए आरोप,

ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र में वनभूमि पर कब्जे की तैयारी किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक रोजवादामर क्षेत्र में कुछ स्थानों पर मचान बनाए गए हैं तथा जमीन को अलग-अलग हिस्सों में बांटने की तैयारी की जा रही है। इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।

ग्रामीणों और वन प्रबंधन समिति ने उठाया था मुद्दा,

मामले को लेकर ग्राम गम्हरिया में ग्रामीणों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों की बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठक में रोजवादामर क्षेत्र में पेड़ों की कटाई और असीमांकित नारंगी वन क्षेत्र में कथित कब्जे का मुद्दा उठाते हुए वन क्षेत्र एवं प्लांटेशन की सुरक्षा की मांग की गई थी।

अधिकारियों ने कहा- जांच के बाद होगी विधिसम्मत कार्रवाई,

फॉरेस्ट एसडीओ अनिल सिंह ने बताया कि असीमांकित नारंगी वन क्षेत्र में कथित कब्जे की शिकायत को लेकर संयुक्त टीम द्वारा जांच की जा रही है। क्षेत्र का सीमांकन कराया जा रहा है और जांच में स्थिति स्पष्ट होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रामानुजगंज रेंजर डॉ. दिलरुबा ए. बानो ने कहा कि वनभूमि पर किए गए कथित निर्माण एवं कब्जे की संयुक्त टीम से जांच कराई जा रही है। पेड़ों की कटाई और वनभूमि से संबंधित शिकायतों पर भी जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचने के बाद रोजवादामर क्षेत्र में वनभूमि के चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब जांच एवं सीमांकन की रिपोर्ट के आधार पर ही अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई से संबंधित स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *