Skip to main content

क्राइमछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : लावारिस इनोवा कार से 70.390 किलो गांजा बरामदगी मामले में आरोपी गिरफ्तार,

लावारिस इनोवा कार से 70.390 किलो गांजा बरामदगी मामले में आरोपी गिरफ्तार,

35 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा और 15 लाख की इनोवा कार की गई थी जब्त, तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस,

बलरामपुर,

बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में खड़ी इनोवा कार से 70.390 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले मार्ग के किनारे एक इनोवा कार क्रमांक MH 04 DY 9471 लावारिस हालत में खड़ी होने की सूचना मिली थी। सूचना पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में मैकेनिक की मदद से वाहन का लॉक खुलवाकर तलाशी ली।

वाहन की डिक्की से भूरे रंग के टेप में लिपटे 18 पैकेट तथा एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी के अंदर भी भूरे रंग के टेप से लिपटे 16 पैकेट मिले। इस प्रकार कुल 34 पैकेटों में गांजा बरामद किया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 70.390 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 35 लाख 19 हजार 500 रुपये बताई गई। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया।

मामले में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने वाहन में लगे फास्टैग एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी अशोक कुमार यादव की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जुलाई 2026 में वह अपने अन्य साथियों के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचा था, जहां इनोवा वाहन में गांजा लोड किया गया। इसके बाद 22 सितंबर को गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश जा रहे थे। इसी दौरान वाड्रफनगर के आसपास एक सड़क दुर्घटना के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और उसकी इनोवा कार आगे चल रही कार से टकरा गई। पुलिस की मौजूदगी की आशंका होने पर आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन को कच्चे रास्ते में खड़ा कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आरोपी के अन्य साथियों और गांजा तस्करी से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *