Skip to main content

Uncategorizedशिक्षासूरजपुर

सूरजपुर : प्रतापपुर बीईओ मुन्नू सिंह धुर्वे की मुश्किलें बढ़ीं! पूरे कार्यकाल की शिकायतों पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर, कमिश्नर और रायपुर तक भेजे कार्रवाई के प्रस्ताव,

प्रतापपुर बीईओ मुन्नू सिंह धुर्वे की मुश्किलें बढ़ीं! पूरे कार्यकाल की शिकायतों पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर, कमिश्नर और रायपुर तक भेजे कार्रवाई के प्रस्ताव,

8-9 वर्षों से एक ही कार्यालय में पदस्थापना का मामला जनदर्शन तक पहुंचा, युक्तियुक्तकरण में कथित गड़बड़ी, नोटिसों के जवाब लंबित और प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना पर विभाग ने पहले ही तैयार कर रखी है कार्रवाई की फाइल,

प्रतापपुर/सूरजपुर 

प्रतापपुर विकासखंड शिक्षा विभाग में प्रभारी बीईओ मुन्नू सिंह धुर्वे की कार्यप्रणाली को लेकर मामला अब गंभीर प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया है। लगभग 8-9 वर्षों से एक ही कार्यालय में पदस्थ रहने और उनके कार्यकाल के दौरान सामने आई विभिन्न शिकायतों को लेकर उठे सवालों के बीच जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सूरजपुर ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजे हैं। मामला केवल एक शिकायत तक सीमित नहीं है, बल्कि विभागीय दस्तावेजों में वर्ष 2025 से जुड़े कई प्रशासनिक प्रकरणों, युक्तियुक्तकरण में कथित अनियमितताओं और कारण बताओ नोटिसों के जवाब नहीं मिलने का उल्लेख है।

इस पूरे मामले को लेकर ग्राम पोड़ी निवासी चंद्रिका कुशवाहा ने 5 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत क्रमांक 2250326002261 के माध्यम से प्रभारी बीईओ के लंबे कार्यकाल, विभागीय कार्यप्रणाली, लंबित शिकायतों और प्रशासनिक निर्देशों के पालन में कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। शिकायत में तत्काल स्थानांतरण और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की मांग भी की गई थी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर से लेकर रायपुर तक भेजे प्रस्ताव, अब कार्रवाई का इंतजार,

इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण तथ्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के आधिकारिक पत्रों से सामने आया है। कलेक्टर सूरजपुर के पत्र क्रमांक 5949/स्था.01/टी-संवर्ग/2025 दिनांक 21 अगस्त 2025 के माध्यम से मुन्नू सिंह धुर्वे के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करने की अनुशंसा सहित प्रस्ताव संचालक लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर भेजे जाने का उल्लेख है।

इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने पत्र क्रमांक 8593/स्था.01/टी-संवर्ग/2025 दिनांक 6 नवंबर 2025 को आयुक्त सरगुजा संभाग अंबिकापुर को अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा। इस पत्र में कलेक्टर द्वारा अनुमोदन का भी उल्लेख किया गया है। इसकी प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, संचालक लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर सूरजपुर और संयुक्त संचालक शिक्षा सरगुजा संभाग को भी भेजी गई थी।

प्रस्ताव में मुन्नू सिंह धुर्वे के कार्यकाल के दौरान सामने आए विभागीय मामलों का विवरण देते हुए प्रशासनिक लापरवाही, शासकीय निर्देशों के पालन में कमी और कारण बताओ नोटिसों के जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने जैसे बिंदु दर्ज किए गए हैं।

विशेष रूप से वर्ष 2025 में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के दौरान प्रतापपुर विकासखंड के विद्यालयों में रिक्त पदों की जानकारी को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। हाईस्कूल गणेशपुर, माध्यमिक शाला खोरमा, कन्या प्रतापपुर और प्राथमिक शाला दुरती सहित कई विद्यालयों के मामलों को विभागीय प्रस्ताव में शामिल किया गया है। इसके अलावा व्याख्याता प्रियंका पाण्डेय से संबंधित जानकारी और प्राथमिक शाला यादवपारा दुरती में रिक्त पद की सूची में शामिल नहीं किए जाने का मामला भी दर्ज है।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पत्र में यह भी उल्लेख है कि 14 अक्टूबर 2025 की विभागीय समीक्षा बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन और विद्यालयों के परीक्षा परिणाम की सही जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई थी। इन मामलों के आधार पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

जनदर्शन में शिकायत के बाद 22 अक्टूबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने पत्र क्रमांक 8730/जनदर्शन/2026 जारी कर शिकायतकर्ता को विभागीय कार्रवाई के प्रस्तावों की जानकारी दी। पत्र में स्पष्ट किया गया कि संबंधित प्रकरणों की जानकारी उच्च कार्यालय को भेजी जा चुकी है और वहां से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम में अब बड़ा सवाल यह है कि जब वर्ष 2025 में ही विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव कलेक्टर, आयुक्त और रायपुर स्थित लोक शिक्षण संचालनालय तक भेजे जा चुके हैं, तो अब तक उन पर अंतिम निर्णय क्या हुआ? क्या पूरे कार्यकाल से संबंधित शिकायतों की समग्र जांच होगी? क्या प्रतापपुर विकासखंड में लंबे समय से पदस्थापना के मामले पर भी प्रशासन कोई निर्णय लेगा?

शिकायतकर्ता चंद्रिका कुशवाहा का कहना है कि उनका उद्देश्य शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराना है। किसी भी अधिकारी के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

अब नजर कलेक्टर सूरजपुर, आयुक्त सरगुजा संभाग और लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर के अगले कदम पर है। क्या वर्षों से लंबित शिकायतों और विभागीय प्रस्तावों पर अब कोई ठोस निर्णय होगा या मामला फिर पत्राचार तक सीमित रह जाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *