बलरामपुर : पण्डो समुदाय के अरविंद ने NEET में रचा सफलता का नया अध्याय, कठिन परिस्थितियों में मेहनत से हासिल की सफलता, कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने दी शुभकामनाएं,
पण्डो समुदाय के अरविंद ने NEET में रचा सफलता का नया अध्याय,
कठिन परिस्थितियों में मेहनत से हासिल की सफलता, कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने दी शुभकामनाएं,
बलरामपुर,
पण्डो समुदाय के छात्र अरविंद कुमार ने कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर अपने परिवार और पूरे समुदाय का गौरव बढ़ाया है। अरविंद की इस उपलब्धि को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है।अरविंद की सफलता की जानकारी मिलने पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने उनसे भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अरविंद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कठिन से कठिन परिस्थितियों को पार किया जा सकता है। उन्होंने अरविंद को आगे भी इसी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
परिवार में उच्च शिक्षा की ओर बढ़ने वाले पहले सदस्य,
अरविंद कुमार ने बताया कि उनका परिवार कृषि एवं मजदूरी पर निर्भर है। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई के लिए हर संभव सहयोग किया। परिवार में अब तक कोई भी सदस्य उच्च शिक्षा के स्तर तक नहीं पहुंच पाया था। ऐसे में अरविंद अपने परिवार के पहले सदस्य हैं, जिन्होंने डॉक्टर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
अरविंद का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे परिवार का सहयोग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और लगातार मेहनत प्रमुख कारण रहे हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों को कभी अपनी पढ़ाई के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया और अपने लक्ष्य पर लगातार ध्यान केंद्रित रखा।