Skip to main content

स्वास्थ्यछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंजवाड्रफनगर

बलरामपुर : चिरायु योजना से लौटा रामसाय की आंखों का उजाला, ट्रॉमेटिक मोतियाबिंद का मेकाहारा रायपुर में सफल ऑपरेशन,

चिरायु योजना से लौटा रामसाय की आंखों का उजाला, ट्रॉमेटिक मोतियाबिंद का मेकाहारा रायपुर में सफल ऑपरेशन,

चिरायु टीम की सजगता से समय पर हुई बीमारी की पहचान, स्वास्थ्य विभाग की पहल से छात्र की आंखों की रोशनी लौटी; परिवार में खुशी का माहौल,

वाड्रफनगर/बलरामपुर,

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) जरूरतमंद बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को समय पर स्वास्थ्य जांच और बेहतर उपचार की सुविधा मिल रही है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर के अंतर्गत सामने आया है, जहां चिरायु टीम ‘बी’ की सजगता और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से हाई स्कूल कछिया में अध्ययनरत छात्र रामसाय, पिता हीरालाल की आंखों की रोशनी वापस लौट आई है। ट्रॉमेटिक मोतियाबिंद से पीड़ित छात्र का रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया।

स्कूल में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान हुई बीमारी की पहचान,

जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर के अंतर्गत संचालित चिरायु टीम ‘बी’ के टीम लीडर डॉ. धनंजय गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा नियमित रूप से क्षेत्र के स्कूलों में पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में हाई स्कूल कछिया में अध्ययनरत छात्र रामसाय की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान टीम को पता चला कि छात्र ट्रॉमेटिक मोतियाबिंद जैसी गंभीर नेत्र समस्या से पीड़ित है। बीमारी के कारण उसकी एक आंख की रोशनी पूरी तरह प्रभावित हो चुकी थी। इसके चलते उसे पढ़ाई करने के साथ ही दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

बीएमओ ने दिखाई तत्परता, उच्चस्तरीय उपचार के लिए भेजा रायपुर,

छात्र की आंखों की गंभीर समस्या सामने आने के बाद मामले को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. हेमंत दीक्षित ने तत्काल संज्ञान में लिया। उन्होंने छात्र को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से छात्र को बिना विलंब किए उच्चस्तरीय उपचार के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। यहां विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच के बाद छात्र का सफल ऑपरेशन किया गया।

आंखों की रोशनी लौटने से परिवार में खुशी,

सफल ऑपरेशन के बाद रामसाय की आंखों की रोशनी में सुधार हुआ है और अब उसे स्पष्ट दिखाई देने लगा है। लंबे समय से आंखों की समस्या के कारण परेशान छात्र के लिए यह किसी नई जिंदगी की शुरुआत से कम नहीं है। आंखों की रोशनी वापस मिलने से उसकी पढ़ाई और सामान्य दिनचर्या भी अब पहले की तरह सहज हो सकेगी। इस सफलता से छात्र के परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने समय पर बीमारी की पहचान करने और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित तथा चिरायु टीम ‘बी’ के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

जरूरतमंद बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही चिरायु योजना,

यह पूरा मामला दर्शाता है कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) के माध्यम से स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कितना महत्वपूर्ण है। समय रहते बीमारी की पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बच्चों को उचित उपचार मिल सकता है। चिरायु टीम की सक्रियता, स्वास्थ्य विभाग की तत्परता और जिला प्रशासन के सहयोग से रामसाय को नई रोशनी मिलना योजना की सार्थकता को साबित करता है। ग्रामीण अंचलों के जरूरतमंद बच्चों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में इस तरह के प्रयास न केवल बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी उम्मीद की नई किरण बन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *