बलरामपुर : निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर जिला स्तरीय टीम की कार्रवाई, नर्सिंग होम एक्ट के पालन की जांच,
निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर जिला स्तरीय टीम की कार्रवाई, नर्सिंग होम एक्ट के पालन की जांच,
वाड्रफनगर एवं रामानुजगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य, औषधि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण,
बलरामपुर,
जिले में निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन पर निगरानी रखने और मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विकासखंड वाड्रफनगर एवं रामानुजगंज क्षेत्र के महावीरगंज में संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों का जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग, औषधि विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक दस्तावेजों, पंजीयन, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, दवाइयों के रखरखाव तथा शासन द्वारा निर्धारित अन्य मानकों की जांच की। साथ ही नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों के अनुरूप संस्थानों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया।
इस दौरान टीम ने संबंधित संस्थानों को नियमों एवं निर्धारित मापदंडों का पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में जहां भी कमियां पाई गईं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। मरीजों की सुरक्षा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले में संचालित सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों को नर्सिंग होम एक्ट सहित शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा, उचित उपचार व्यवस्था, आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं और दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना संबंधित संस्थान की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निजी स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी एवं निरीक्षण का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सीएमएचओ ने जिलेवासियों से अपील की कि निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, निर्धारित मानकों के उल्लंघन अथवा मरीजों के हितों से जुड़ी शिकायत होने पर इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।