Skip to main content

स्वास्थ्यछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : रघुनाथनगर में 27 नवंबर को मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर, बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष भी करा सकेंगे निःशुल्क जांच,

रघुनाथनगर में 27 नवंबर को मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर, बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष भी करा सकेंगे निःशुल्क जांच,

10 विशेषज्ञ देंगे परामर्श, दूरस्थ अंचलों और पीवीटीजी परिवारों पर रहेगा विशेष ध्यान,

बलरामपुर,

शासकीय हाई स्कूल, रघुनाथनगर में 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर लगेगा। शिविर में दूरस्थ अंचलों के निवासियों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के परिवारों पर खास ध्यान रहेगा। यह शिविर मुख्य रूप से महिलाओं के लिए है, लेकिन बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष भी यहां निःशुल्क जांच और परामर्श ले सकेंगे। इसका उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं लोगों के नजदीक पहुंचाना है, ताकि बीमारियों की पहचान और उपचार समय पर हो सके।

शिविर में स्त्री रोग, त्वचा रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग, मानसिक रोग, हड्डी रोग, शल्य चिकित्सा, कान-नाक-गला रोग, कैंसर रोग और शिशु रोग के विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। यहां मासिक धर्म की अनियमितता, श्वेत प्रदर, त्वचा एलर्जी, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, दृष्टि दोष, चिंता व अनिद्रा, जोड़ों का दर्द और गठिया, बवासीर तथा कान से जुड़े रोगों की जांच होगी। स्तन में गांठ और मुंह पर धब्बे जैसे कैंसर के संभावित लक्षणों की भी जांच की जाएगी। बच्चों में कुपोषण, उल्टी-दस्त और बार-बार होने वाले निमोनिया जैसी समस्याओं पर भी परामर्श मिलेगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे छोटी बीमारी भी गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस शिविर में एक ही जगह पर कई विशेषज्ञों से परामर्श लेने का अच्छा अवसर मिलेगा। उन्होंने गृहणियों, कामकाजी महिलाओं और क्षेत्र के सभी आयु वर्ग के महिला-पुरुषों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचें, अपनी स्वास्थ्य समस्याएं बिना झिझक बताएं और निःशुल्क जांच व परामर्श का लाभ लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *