Skip to main content

क्राइमअंबिकापुरछत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

सरगुजा : मेडिकल स्टोर में आबकारी विभाग का छापा, दो लाख की प्रतिबंधित नशीली दवाइयां जब्त; संचालक गिरफ्तार,

मेडिकल स्टोर में आबकारी विभाग का छापा, दो लाख की प्रतिबंधित नशीली दवाइयां जब्त; संचालक गिरफ्तार

207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 टैबलेट बरामद, उत्तर प्रदेश से खेप लाकर खपाने का खुलासा; NDPS एक्ट के तहत भेजा गया जेल,

सरगुजा/अंबिकापुर,

युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी विभाग की टीम ने सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में छापेमारी कर करीब दो लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित नशीली दवाइयां जब्त की हैं। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, खरीदी कराकर की पुष्टि,

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर का संचालक प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप और टैबलेट का अवैध कारोबार कर रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी टीम ने पहले मेडिकल स्टोर से दवाइयों की खरीदी कराकर मामले की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मेडिकल स्टोर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दुकान में संचालक राजेश समद्दार मौजूद मिला।

दुकान के पीछे कमरे में छिपाकर रखी थीं नशीली दवाइयां,

आबकारी टीम ने मेडिकल स्टोर की तलाशी ली, लेकिन दुकान के भीतर कोई संदिग्ध मादक पदार्थ नहीं मिला। इसके बाद टीम ने दुकान के पीछे स्थित एक कमरे की जांच की। वहां संचालक द्वारा प्रतिबंधित दवाइयां बरामद कराई गईं।

कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट जब्त कीं। जब्त कफ सिरप में 132 नग MAGNATUSS-T COUGH SYRUP और 75 नग APCORES COUGH SYRUP शामिल हैं। जब्त दवाइयों की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

उत्तर प्रदेश से लाता था प्रतिबंधित दवाइयों की खेप,

पूछताछ के दौरान आरोपी ने आबकारी टीम को बताया कि वह प्रतिबंधित दवाइयों की खेप उत्तर प्रदेश से लेकर आता था। इस खुलासे के बाद आबकारी विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और दवाइयों की सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा प्रतिबंधित दवाइयों की आपूर्ति कहां-कहां की जा रही थी।

आबकारी अधिकारी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी,

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे गैरकानूनी कारोबार से दूर रहें। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और सजा का प्रावधान है।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें। नशे के कारोबार के जरिए युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।

इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज तथा नगर सैनिक गणेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश मिला है कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग द्वारा अब इस पूरे नेटवर्क की आगे जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *