बलरामपुर : सेवा संकल्प अभियान : वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में 48 यूनिट रक्तदान,
सेवा संकल्प अभियान : वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में 48 यूनिट रक्तदान,
अधिकारियों-कर्मचारियों ने पेश की सेवा और समर्पण की मिसाल
वाड्रफनगर/बलरामपुर,
जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में ‘स्वैच्छिक रक्तदान महादान’ थीम पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, युवाओं तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 74 लोगों ने पंजीयन कराया, जबकि 64 लोगों का स्वास्थ्य एवं रक्त संबंधी परीक्षण किया गया। जांच के बाद पात्र पाए गए 48 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जिससे 48 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
शिविर का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सिविल अस्पताल वाड्रफनगर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उनके साथ अस्पताल के समर्पित कर्मचारियों विष्णु यादव (एलटी), सत्यम साहू (एलटी), अजित पैकरा (आयुष्मान ऑपरेटर), सहदेव कुजूर (वार्डबॉय) तथा श्रीमती गीतांजलि (जेडीएस कर्मचारी) ने भी रक्तदान कर जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
युवाओं और विद्यार्थियों की रही उल्लेखनीय भागीदारी,
रक्तदान शिविर में युवा मोर्चा, आईटीआई कॉलेज रजखेता तथा रानी दुर्गावती महाविद्यालय वाड्रफनगर के प्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों, युवाओं और अन्य सहयोगियों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को सफल बनाया। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन,
शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विजय सिंह तथा सिविल सर्जन, जिला अस्पताल बलरामपुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में जिला अस्पताल बलरामपुर की ब्लड कलेक्शन टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदान के इच्छुक लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र व्यक्तियों से रक्त संग्रहित किया।
रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए बन सकता है जीवनदान : डॉ. हेमंत दीक्षित
इस अवसर पर बीएमओ एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत दीक्षित ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध रक्त किसी मरीज के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा, “रक्तदान महादान है। आपके द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मदद कर सकता है। स्वस्थ एवं पात्र लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।”
डॉ. दीक्षित ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आम नागरिकों से भविष्य में भी रक्तदान एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर ने सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक संदेश दिया। 48 यूनिट रक्त संग्रह के साथ शिविर ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।