बलरामपुर :.सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों में ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात…
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों में ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात,
स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, टीबी जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण से लाभान्वित हुए ग्रामीण,
बलरामपुर,
कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, बलरामपुर के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा सेतु विशेष शिविर/जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम सरनाडीह, विकासखंड बलरामपुर एवं ग्राम पंचायत सनावल, विकासखंड रामचंद्रपुर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविरों में प्रधानमंत्री जनमन महाअभियान के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ स्टॉल के माध्यम से महिलाओं, शिशुओं एवं बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया गया।
ग्राम पंचायत सनावल में आयोजित शिविर में कुल 321 लोगों की ओपीडी की गई। इस दौरान 211 लोगों की बीपी एवं 211 लोगों की शुगर जांच, 09 बुखार, 02 उल्टी एवं 04 दस्त के प्रकरणों की जांच एवं उपचार किया गया। वहीं 21 लोगों की मुख जांच तथा 20 लोगों की टीबी जांच की गई। शिविर में 05 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
इसी प्रकार ग्राम सरनाडीह, विकासखंड बलरामपुर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित 04 प्रमुख स्टॉल लगाए गए। इनमें स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं वय वंदना कार्ड, जन औषधि केंद्र तथा टीबी मुक्त भारत अभियान से संबंधित स्टॉल शामिल रहे। शिविर में प्राप्त 08 आयुष्मान कार्ड संबंधी आवेदनों का तत्काल निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार एवं बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान वर्षा नायक एवं रामप्रीत नायक, टांगर महरी, विकासखंड बलरामपुर को जनप्रतिनिधि द्वारा फूड बास्केट प्रदान किया गया।
सीएमएचओ ने कहा—स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाना प्राथमिकता,
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर जांच, उपचार, परामर्श और शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, टीबी जांच, निःशुल्क दवा एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच एवं उपचार कराएं।
शिविरों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं वय वंदना योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं कार्ड वितरण किया गया। वहीं जन औषधि केंद्र के माध्यम से सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयों के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, उपचार, परामर्श, आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, टीबी जांच एवं दवा जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविरों के सफल आयोजन में खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, सेक्टर चिकित्सा अधिकारी, आयुष चिकित्सा अधिकारी, बीईईटीओ, सेक्टर सुपरवाइजर, एसटीएस-एसटीएलएस, सीएचओ, एएनएम, आरएचओ, आयुष्मान मित्र, बीसीएमटी, एलटी, मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।