Skip to main content

धार्मिकछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : बुजुर्गों का सम्मान, सेवा का संकल्प: वृद्धजन दिवस पर कलेक्टर ने 250 वृद्धजनों को किया सम्मानित…

बुजुर्गों का सम्मान, सेवा का संकल्प: वृद्धजन दिवस पर कलेक्टर ने 250 वृद्धजनों को किया सम्मानित,

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बलरामपुर में जनपद कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया सम्मान समारोह,

बलरामपुर,

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जनपद पंचायत कार्यालय बलरामपुर का सभाकक्ष स्नेह, सम्मान और अपनत्व के भाव से सराबोर रहा। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने समारोह में शामिल लगभग 250 वृद्धजनों को श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। बुजुर्गों के चेहरों पर खिली संतोष की मुस्कान, इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।

बुजुर्गों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार और समाज की वे जड़ें हैं, जिनके त्याग और अनुभव से आने वाली पीढ़ियां संवरती हैं। उन्हें याद रखना, उनका मान बढ़ाना और उनकी सेवा करना ही सच्ची मानवता है। उन्होंने कहा कि आपके आशीर्वाद से ही जिला सतत् विकास की दिशा मे अग्रसर रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रशासन वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जिले में वृद्धजन केंद्रित विशेष क्लिनिक शुरू किया जाएगा, जहां पंजीयन से लेकर उपचार तक की समस्त स्वास्थ्य सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी कि किसी भी बुजुर्ग को इलाज के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आत्मीय आग्रह भी किया।

समारोह का एक मनमोहक पहलू खेल गतिविधियां रहीं, जिनके जरिए बुजुर्गों ने अपने बचपन को फिर से जिया। रिंग टॉस, बॉल फेंक, बैलून गेम और रिंग कैच में उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी और ठहाकों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बलरामपुर, जनपद अध्यक्ष, जनपद उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *