बलरामपुर : माल्यार्पण से श्रमदान तक: गांधी जयंती पर साप्ताहिक बाजार में दिखी स्वच्छता की अनूठी तस्वीर…
माल्यार्पण से श्रमदान तक: गांधी जयंती पर साप्ताहिक बाजार में दिखी स्वच्छता की अनूठी तस्वीर,
महात्मा गांधी के पदचिह्नों पर चला प्रशासन, कलेक्टर-एसपी-डीएफओ ने झाड़ू और ब्रश थामकर बाजार को दिया नया रूप,
बलरामपुर,
गांधी जयंती के अवसर पर बलरामपुर के साप्ताहिक बाजार में स्वच्छता और जनभागीदारी की प्रेरक तस्वीर देखने को मिली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने आम नागरिकों के साथ श्रमदान कर बाजार परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए की। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से दुनिया को नई राह दिखाई। उनके लिए स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह आत्मअनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक थी।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाए, तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी जैसे गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उद्बोधन के बाद कलेक्टर स्वयं झाड़ू लेकर सफाई अभियान में जुट गईं। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने भी श्रमदान में सहभागिता की। अधिकारियों ने बाजार परिसर के बैठक स्थलों की सफाई के साथ-साथ ब्रश से पुताई कर बेरंग पड़ी दीवारों और संरचनाओं को नया स्वरूप दिया।
अधिकारियों को आम नागरिकों, स्वच्छता दीदियों और युवा स्वयंसेवकों के साथ मिलकर श्रमदान करते देख लोगों में भी उत्साह नजर आया। करीब एक घंटे चले सामूहिक श्रमदान के बाद साप्ताहिक बाजार परिसर साफ-सुथरा और आकर्षक नजर आने लगा। इस पहल ने यह संदेश दिया कि सामूहिक सहभागिता और छोटे-छोटे प्रयासों से सार्वजनिक स्थलों में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ भी ली।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद श्रीमती स्वाति गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप एक्का सहित जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां, युवा स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।