बलरामपुर : दिव्यांगता को मात देकर 16 हजार किमी की साइकिल यात्रा, कलेक्टर-एसपी ने वासु राइडर को किया सम्मानित…
दिव्यांगता को मात देकर 16 हजार किमी की साइकिल यात्रा, कलेक्टर-एसपी ने वासु राइडर को किया सम्मानित…
दिव्यांगता को मात देकर 16 हजार किमी की साइकिल यात्रा, कलेक्टर-एसपी ने वासु राइडर को किया सम्मानित,
बलरामपुर,
पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर देशव्यापी साइकिल यात्रा पर निकले आगरा (उत्तर प्रदेश) निवासी वासु राइडर का बलरामपुर पहुंचने पर सम्मान किया गया। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना की।
हाथ-पैर से 55 प्रतिशत दिव्यांग होने के बावजूद वासु राइडर ने 2 जून 2025 को तिरंगे के साथ अपनी साइकिल यात्रा शुरू की थी। अब तक वे लगभग 16 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। “Stop Pollution, Save Earth” के संदेश के साथ वे राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों का भ्रमण कर चुके हैं। इसके अलावा वे नेपाल तक भी साइकिल से पहुंच चुके हैं।
यात्रा के दौरान वासु राइडर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से संवाद कर रहे हैं। वे विशेष रूप से युवाओं को छोटी दूरी के लिए साइकिल अथवा पैदल चलने तथा पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनकी यह देशव्यापी साइकिल यात्रा वर्ष 2028 में पूर्ण होने की संभावना है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि वासु राइडर का अदम्य साहस और समर्पण इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को नशामुक्त बनाने की दिशा में उनकी यह अभिनव पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने वासु राइडर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।