Skip to main content

क्राइमछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : बरियों पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सब्जी बाड़ी में उगा रहा था गांजा, 112 पौधे बरामद,

बरियों पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सब्जी बाड़ी में उगा रहा था गांजा, 112 पौधे बरामद,

36 किलो 300 ग्राम गांजे के पौधे जब्त, कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये; आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया,

बलरामपुर-रामानुजगंज,

जिले में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरियों पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चौकी बरियों क्षेत्र के ग्राम खुखरी, रखैतपारा में सब्जी बाड़ी के बीच गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजे के 112 पौधे, जिनका कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम और अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में NCORD के तहत नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस, राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की जाती है। इन बैठकों में संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों को नशीले पदार्थों की खेती एवं अवैध कारोबार के खिलाफ भौतिक सत्यापन करने तथा दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में 3 अक्टूबर 2026 को करीब 10 बजे ग्राम खुखरी के हल्का पटवारी ने चौकी प्रभारी बरियों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी कि गिरदावरी के दौरान कबीर साय टेकाम द्वारा अपने कब्जे की भूमि में स्थित सब्जी बाड़ी के बीच गांजे के पौधे लगाए गए हैं।

सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी बरियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी के दिशा-निर्देशन में आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।

सब्जी की फसल के बीच उगा रखा था गांजा,

पुलिस टीम ने सूचक द्वारा बताए गए स्थान पर रेड कार्रवाई की। मौके पर आरोपी कबीर साय टेकाम, पिता जदू, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम खुखरी, रखैतपारा, चौकी बरियों, थाना राजपुर मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने घर की बाड़ी में सब्जी की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे वाली बाड़ी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान सब्जी की फसल के बीच लगाए गए छोटे-बड़े गांजे के पौधे, डाल, हरे पत्ते एवं तने सहित कुल 112 पौधे बरामद किए गए। गवाहों की मौजूदगी में पौधों की गिनती कर पंचनामा तैयार किया गया।

बरामद गांजे के पौधों का कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने उक्त गांजे के पौधों को विधिवत जब्त कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज,

पुलिस ने आरोपी कबीर साय टेकाम के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 8 के तहत अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध खेती करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *